विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर पात्र बच्चों को समय पर शासन की योजनाओं से लाभान्वित करायें- जिलाधिकारी
झाँसी: महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित "मिशन वात्सल्य" योजनान्तर्गत जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड के नेतृत्व में किया गया। बैठक में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित मिशन वात्सल्य के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि बच्चों के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर पात्र बच्चों को समय-समय पर शासन की योजनाओं से लाभान्वित कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने बाल संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने पर बल दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि, समाज कल्याण अधिकारी के प्रतिनिधि, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) की टीम, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य, बेसिक शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेन्द्र कुमार पटेल ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रोबेशन कार्यालय के समस्त कर्मचारी, चाइल्ड हेल्पलाइन (रेलवे) तथा चाइल्ड हेल्पलाइन झाँसी के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट अंकित साहू
No Previous Comments found.