जिलाधिकारी ने पहुंज नदी संरक्षण को लेकर गठित की समिति, एनजीटी के निर्देशों के अनुपालन की हुई समीक्षा

झांसी: जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में पहुंज नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। 
बैठक में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए नदी को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने, उसमें वर्षभर जल प्रवाह बनाए रखने तथा पर्यावरणीय संतुलन को संरक्षित रखने के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए पहुँच नदी के कैचमेंट एरिया तथा जल भण्डारण क्षमता की जानकारी ली गई। इसके अतिरिक्त, रेलवे को कितना पानी दिया जाता है, इस पर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने नदी संरक्षण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों की एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। कमेटी की अध्यक्षता जिलाधिकारी सचिव, नगरायुक्त एवं सह सचिव, अपर जिला अधिकारी नमामी गंगे होंगे। उन्होंने कहा कि समिति समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करेगी तथा एनजीटी के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करेगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नदी की भूमि पर किसी भी प्रकार का नया अतिक्रमण न होने पाए तथा पूर्व से किए गए अतिक्रमणों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही नदी में प्राकृतिक एवं सतत जल प्रवाह बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग समन्वित प्रयास करें।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) को निर्देशित किया कि नदी के संरक्षण को दृष्टिगत रखते हुए नदी क्षेत्र एवं निर्धारित प्रतिबंधित क्षेत्र में भविष्य में किसी भी आवासीय भवन का नक्शा स्वीकृत न किया जाए तथा इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने नदी संरक्षण एवं पुनर्जीवन से संबंधित कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध ढंग से कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि पहुंज नदी का संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन एवं जनहित सुरक्षित रखा जा सके।
इस मौके पर नगर आयुक्त श्रीमती आकांक्षा राणा, जॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, अपर जिलाधिकारी नमामी गंगे योगेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रंजीत कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी इमरान खान, आयुष रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ सहायक अनिल कुमार सहित रेलवे विभाग, सिंचाई विभाग, नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.