नशा मुक्त समाज के निर्माण का दिया संदेश, विद्यार्थियों ने ली नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा
टहरौली झांसी: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा चलाए जा रहे 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत टहरौली शाखा द्वारा आदर्श इंटर कॉलेज में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा विद्यार्थियों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नियमित मेडिटेशन के माध्यम से आत्मबल एवं मनोबल को मजबूत किया जा सकता है तथा मन को सकारात्मक दिशा देकर नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने में सहायता मिलती है। साथ ही विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के विभिन्न व्यावहारिक उपाय एवं जीवन को स्वस्थ और सकारात्मक बनाने के टिप्स भी बताए गए।
इस अवसर पर गुरसराय केंद्र प्रभारी राजयोगिनी बी.के. कविता दीदी जी ने अपने संबोधन में नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही समाज और राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है, इसलिए युवाओं का नशामुक्त एवं संस्कारवान होना एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है।
टहरौली केंद्र प्रभारी बी.के. पूजा दीदी जी ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा करवाई तथा उन्हें जीवन में दृढ़ संकल्प के साथ नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। बीके कल्याणी दीदी ने ब्रह्माकुमारीज संस्था के उद्देश्यों एवं समाज सेवा के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आत्मबल, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
“नशे को ना, राजयोग को हाँ — आत्मबल बढ़ाएं, जीवन को खुशहाल बनाएं।” इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य साथी समस्त शिक्षक गण समस्त स्टाफ मौजूद रहा
रिपोर्ट अंकित साहू
No Previous Comments found.