9 से 17 अगस्त के बीच 'हर घर तिरंगा अभियान का होगा भव्य आयोजन, तिरंगा फहराते हुए 'वंदे मातरम' का किया जाएगा गायन
झांसी: हर घर तिरंगा अभियान 2026' को हर्षोल्लास के साथ मनाने एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन हुआ।
बैठक में सीडीओ ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत वर्ष 2022 से 'हर घर तिरंगा अभियान' शुरू किया गया था। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे के साथ व्यक्तिगत एवं भावनात्मक सम्बन्ध बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। पिछले कुछ वर्षों से यह अभियान राष्ट्रीय अस्मिता, देशभक्ति और गौरव के जनभागीदारी आन्दोलन के रूप में सफल हुआ है। स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर सम्पूर्ण देश के सभी घरों, कार्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रमुखता से तिरंगा फहराकर सफलापूर्वक आयोजन किया गया। यह अभियान कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों तथा राष्ट्र सेवा एवं सम्मान में अपने प्राणों की आहूति देने वाले महापुरुषों के प्रति आदर का भाव प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इसी भावना को जारी रखते हुए भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत 'वन्दे मातरम' की 150वीं जयन्ती मनाई जा रही है। भारत सरकार द्वारा वंदे मातरम के तृतीय चरण के साथ 'हर घर तिरंगा अभियान 2026' को उत्सव के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। दिनांक 09 से 17 अगस्त, 2026 के बीच सम्पूर्ण देश में 'हर घर तिरंगा अभियान 2026' का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को भौतिक एवं डिजिटल दोनों रूप में आयोजित किया जाएगा। भौतिक रूप से तिरंगा फहराते हुए 'वंदे मातरम' का गायन किया जाएगा तथा डिजिटल सैलीब्रेशन के अन्तर्गत तिरंगा के साथ सैल्फी एवं वंदे मातरम के गायन को हर घर तिरंगा की वैबसाइट (www.harghartiranga.com) पर सैल्फी लेते हुए अपलोड किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के दृष्टिगत निर्देश दिए कि राजस्व विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज विभाग आदि एवं उनकी संस्थाएं, शैक्षणिक संस्थाएं तथा अन्य संस्थाएं इस अभियान में भाग लेते हुए हर घर तिरंगा की गतिविधियों को जनभागीदारी के साथ संचालित करेंगी। 'हर घर तिरंगा अभियान 2026' के अन्तर्गत निम्नवत् कार्यक्रम पूरे जनपद में प्रमुखता से आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनपद में बड़े पैमाने पर तिरंगा रैलियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए. जिसमें प्रतिभागी भारतीय राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) लेकर चलेंगे तथा रैली के आरम्भ में बंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। इनमें विद्यार्थी, युवा, सरकारी अधिकारी व कर्मचारी, सशस्त्र बलों के सदस्य, महिला स्वयं सहायता समूह तथा सामाजिक संगठन शामिल होंगे। मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सव्वनवाड निर्देश दिये कि जनपद में तिरंगा कॉन्सर्ट के आयोजन सुनिश्चित किए जाएं, जिनमें युद्धों में शहीद हुए सेनानियों व स्वतन्त्रता संग्राम के शहीदों को परिजनों को आमन्त्रित कर सम्मानित किया जाए। कॉन्सर्ट में स्थानीय जन प्रतिनिधियों / गणमान्य व्यक्तियों को मुख्य अतिथि के रूप में आमन्त्रित करते हुए उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाए। कॉन्सर्ट के अन्तर्गत तिरंगा गान, देशभक्ति के गीतों तथा "वंदे मातरम" का सामूहिक गायन एवं अन्य राष्ट्रभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ साथ स्कूल बैण्ड / पुलिस बैण्ड / आर्मी बैण्ड आदि द्वारा राष्ट्रभक्ति के गीतों की धुनों के वादन को सम्मिलित किया जाए। हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत जनपद के प्रत्येक घर, कार्यालय, सार्वजनिक उद्यम आदि पर तिरंगा फहराया जाना है। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता हो तथा राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) के वितरण के लिए योजना तैयार कर ली जाए। इसके साथ ही जनपद के समस्त सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा एवं अलंकरण का कार्य कराया जाए।
हर घर तिरंगा अभियान 2026 का प्रचार-प्रसारः समस्त विभागों एवं जिला प्रशासन तथा अन्य संस्थाओं की आधिकारिक वैबसाइट एवं उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर 'हर घर तिरंगा अभियान 2026' का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा सरकारी कर्मचारियों एवं आम जनमानस को डिजिटल अभियान में भाग लेने हेतु "सैल्फी विद तिरंगा को हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि तिरंगे के साथ सैल्फी लेते हुए फोटो एवं वंदे मातरम गायन के वीडियो हर घर तिरंगा वैबसाइट पर (www.harghartiranga.com) पर अपलोड किए जाएं। इस कार्य हेतु शिक्षा विभाग के माध्यम से प्रत्येक विद्यालय एवं शैक्षणिक संस्थान को निर्देश जारी किए जाएं कि विद्यालयों में सैल्फी प्वाइण्ट बनाते हुए विद्यार्थी तिरंगे के साथ सैल्फी लेकर एवं वंदे मातरम गाते हुए वीडियो एवं फोटो अपलोड करें। सीडीओ ने बताया कि "हर घर तिरंगा अभियान 2026" के सफल आयोजन हेतु जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बड़ी संख्या में झण्डों का उत्पादन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत स्वयं सहायता समूहों एवं शहरी क्षेत्रों में झण्डों का उत्पादन राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अन्तर्गत स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पंचायतीराज विभाग एवं नगर विकास विभाग द्वारा कराया जाएगा।
बैठक में क्षेत्राधिकारी पुलिस रामवीर सिंह, जिला विकास अधिकारी/ परियोजना निदेशक डीआरडीए राजेश कुमार, डीपीआरओ डॉ0 बाल गोविंद श्रीवास्तव, डिप्टी सीएमओ डॉ0 अंशुमन तिवारी, उपायुक्त मनरेगा शिखर कुमार श्रीवास्तव, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह, उपायुक्त स्वतः रोजगार सुनील कुमार सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डी के शर्मा, सहायक नगर आयुक्त, जिला समन्वयक नेहरू युवा केन्द्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण , उपस्थित रहे, और सभी खण्ड विकास अधिकारीयों द्वारा वीसी के माध्यम से प्रतिभाग किया गया।
रिपोर्ट अंकित साहू
No Previous Comments found.