नगर निगम सहित 13 निकायों में 1.57 लाख तिरंगा फहराने का लक्ष्य,हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां पूरी

झांसी: जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम एवं 12 स्थानीय  नगर पंचायत, नगर पालिकाओं में अभियान के तहत कुल एक लाख 57 हजार तिरंगे उपलब्ध कराने और घर-घर पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशासन की ओर से सभी निकायों को निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्थानीय 12 निकायों के अधिशाषी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए। इसके लिए नगर निकायों में तिरंगे की उपलब्धता, वितरण और लोगों को अभियान से जोड़ने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने  अधिशाषी अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने का प्रयास किया जाए। अभियान के दौरान लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। निकाय स्तर पर अभियान की लगातार निगरानी भी की जाएगी।  इसके लिए निकाय समूहों द्वारा तिरंगे उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। संबंधित अधिशाषी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि झंडों की उपलब्धता और वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। सभी 12 निकायों के अधिशाषी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों के सहयोग से अभियान को व्यापक रूप दें। प्रशासन का प्रयास है कि अभियान के दौरान जिले के अधिक से अधिक घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाया जा सके।
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.