विवेकानंद पब्लिक स्कूल ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
झांसी। आज 14 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गुसांईपुरा स्थित विवेकानंद पब्लिक स्कूल के तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह एवं उमंग के साथ बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा और हृदय में देशभक्ति का जज्बा लिए विद्यार्थियों ने पूरे मार्ग को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
तिरंगा यात्रा में विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ अध्यापिकाओं ने भी सहभागिता की। विद्यालय के बच्चों ने बैंड की शानदार प्रस्तुति देकर यात्रा में चार चांद लगा दिए। बैंड की देशभक्ति धुनों और विद्यार्थियों के उत्साह से वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
तिरंगा यात्रा विवेकानंद पब्लिक स्कूल से प्रारंभ होकर रानी महल, कोतवाली, पंचकुइयां, गंधी गर का टपरा, नरिया बाजार होते हुए मानिक चौक पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य आमजन में देशभक्ति की भावना जागृत करना, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश देना तथा स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह और गौरव की भावना पैदा करना था।
विद्यार्थियों का उत्साह, हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति से सराबोर वातावरण यात्रा का विशेष आकर्षण रहा।
तिरंगा यात्रा ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रप्रेम केवल एक भावना नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और समर्पण का संकल्प भी है।
No Previous Comments found.