पीआरडी जवानों को सीएम योगी की बड़ी सौगात, 600 रुपये ड्यूटी भत्ते के साथ मिलेगी पांच लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा

झांसी:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों की बड़ी सौगात दी। इन जवानों को सपरिवार प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये मुफ्त इलाज से आच्छादित करने के साथ ही मुख्यमंत्री ने उनके दैनिक ड्यूटी भत्ता में वृद्धि करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में चौथी बार वृद्धि का ऐलान करते हुए कहा कि अब पीआरडी जवानों को 500 रुपये की जगह प्रतिदिन 600 रुपये ड्यूटी भत्ता दिया जाएगा। 
मंगलवार को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में सीएम योगी ने पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड का वितरण कर ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ करने के साथ ही रिमोट का बटन दबाकर लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पीआरडी जवानों के लिए नई घोषणा करते हुए कहा कि 1948 में गठित पीआरडी के स्वयंसेवकों को 2019 तक 250 रुपये दैनिक ड्यूटी भत्ता मिलता था। 2019 में उन्होंने इसे बढ़ाकर 375 रुपये और 2022 में बढ़ाकर 395 रुपये किया था। 2025 में भत्ता वृद्धि फिर से की और बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘अब पीआरडी स्वयंसेवकों का भत्ता 500 से रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने जा रहे हैं।’ उन्होंने कहा पीआरडी जवानों के लिए 75 वर्ष में भत्ता राशि 250 रुपये तक ही थी जबकि विगत 8 वर्ष में ही यह 250 से बढ़कर 600 रुपये होने जा रहा है। यह वृद्धि सौ प्रतिशत से भी अधिक है। जिसका लाभ प्रदेश के 31 हजार पीआईडी स्वयंसेवकों को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के सहयोग में पीआरडी के स्वयंसेवक अपनी भूमिका समर्पण भाव से निभाते हैं परन्तु इसके बावजूद 2017 के पहले तक उन्हें ड्यूटी नहीं मिलती थी। जबकि आज उनके महत्व को समझा गया तो ड्यूटी के लिए जवान कम पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपदा हो, महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, ट्रैफिक संचालन में सहयोग, चुनाव ड्यूटी हो या अन्य किसी भी कार्य में प्रशासन-पुलिस का सहयोग, पीआरडी जवानों ने अनुशासन, समर्पण और सेवाभाव से कार्य किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवकों के प्रदेश को प्रगति में योगदान, समर्पण और सेवाभाव को धन्यवाद देते हुए प्रदेश सरकार उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को कैशलेस इलाज की सुविधा दे रही है। इसके अंतर्गत 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों को किसी भी सरकारी और सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक मुफ्त चिकित्सा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा प्रतिवर्ष मिलेगी। पीआरडी जवानों की संख्या को उनके परिवार के लिहाज से औसत रूप में देखें तो 1 लाख 55 हजार से अधिक सदस्य इससे लाभान्वित होंगे। पीआरडी जवानों के सम्मेलन में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल, डॉ0 सोमेंद्र तोमर ने कहा कि पीआरडी के जवान शांति, सुरक्षा और जनसेवा के मजबूत आधार हैं। महत्वपूर्ण भूमिका के बावजूद 2017 के पहले पीआरडी का बजट मात्र 23 करोड़ रुपये था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इसे कई गुना बढाया गया। आज पीआरडी का बजट 543 करोड़ रुपये हो चुका है। 
इस अवसर पर विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री के सजीव प्रसारण के उपरांत जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन, सदर विधान परिषद रामतीर्थ सिंघल, शिक्षक विधायक डॉ0 बाबूलाल तिवारी, विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा, विधायक गरौठा जवाहरलाल राजपूत आदि ने अपने उद्बोधन में पीआरडी स्वयंसेवकों को मानदेय बढ़ोतरी पर बधाई देते हुए उन्हें  मुख्यमंत्री  द्वारा कैश लैस चिकित्सा योजना से लाभान्वित करने पर बधाई दी और जवानों का मनोबल बढ़ाते हुये उनके द्वारा दी जा रही सुरक्षा सेवाओं को सराहा गया।    
विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी गौरांग राठी द्वारा जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया एवं भविष्य में पी०आर०डी० जवानों को अन्य सुबिधायें उपलब्ध कराने हेतु आश्वस्त किया। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट  शिवराम सिंह द्वारा कार्यक्रम में पधारे समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड,जिला युवा कल्याण प्रशान्त सिंह जादौन, विशाल कुशवाहा, सुरेश कुमार पटेल, सर्वेश सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रा०वि०८० अधिकारी घनश्याम सिंह त्यागी एवं जनपद के समस्त विकास खण्डों से आये हुये 170 पीआरडी जवान वर्चुअल प्रसारण में सम्मिलित हुये।
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.