समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम का डीएम ने किया निरीक्षण,महिलाओं ने डीएम को टीका लगाकर किया स्वागत
झांसी: आज समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, जो वर्ष 2018 से निराश्रित एवं असहाय वृद्धजनों को आश्रय प्रदान कर रहा है, का आज जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों से आत्मीयता के साथ भेंट करते हुए उन्होंने सभी वृद्धजनों को फल एवं मिष्ठान वितरित किए एवं उनका हालचाल जाना।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने वृद्धजनों से संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य एवं भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मेनू के अनुसार समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वृद्धजनों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हेतु शीघ्र स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराया जाए।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने भ्रमण के दौरान रसोईघर, भोजन कक्ष, शयन कक्ष, शौचालय एवं परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका, दवा वितरण पंजिका एवं अन्य अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया। साफ-सफाई एवं अभिलेखों के रख-रखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वृद्धजनों के साथ संवेदनशीलता एवं सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि जिला प्रशासन वृद्धजनों के प्रति पूर्ण संवेदनशीलता एवं उदारता के साथ कार्य कर रहा है। कोई भी निराश्रित वृद्धजन असहाय न रहे, यह हमारी प्राथमिकता है। वृद्धाश्रम में सभी मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती ललिता यादव ने बताया कि वृद्धाश्रम में वर्तमान में 108 वृद्धजन निवास कर रहे हैं, जिसमें 58 महिलाएं एवं 50 पुरुष पंजीकृत है। उन्होंने बताया कि महिला और पुरुष की अलग अलग व्यवस्थाएं की गई हैं, उन्हें निःशुल्क आवास, भोजन, वस्त्र एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती ललिता यादव एवं वृद्धाश्रम का स्टाफ उपस्थित रहा।
रिपोर्ट अंकित साहू
No Previous Comments found.