झांसी-लखनऊ इंटरसिटी सहित 4 ट्रेनों में टिकट चेकिंग, 198 यात्री पकड़े गए , 1.03 लाख का जुर्माना वसूला

झाँसी। आज मंडल में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक  अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक  अमन वर्मा के नेतृत्व में मुस्तरा रेलवे स्टेशन पर विशेष ‘बस रेड’ टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।
 
इस विशेष अभियान में टिकट चेकिंग, रेलवे सुरक्षा बल एवं GRP की 62 सदस्यीय संयुक्त टीम ने अचानक मुस्तरा स्टेशन पर पहुँचकर ट्रेनों एवं यात्रियों की सघन जाँच की। टीम में 40 टिकट चेकिंग स्टाफ, 12 रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तथा 10 GRP स्टाफ शामिल रहे।
 
 
अभियान के दौरान 11109 झाँसी-लखनऊ इंटरसिटी, 22534 यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस, 64607 झाँसी-कानपुर MEMU तथा 20104 गोरखपुर-मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस की सघन टिकट जाँच की गई।
 
 
चेकिंग के दौरान बिना टिकट, बिना बुक किए सामान (Unbooked Luggage) तथा अन्य प्रकार से अनियमित यात्रा करते पाए गए कुल 198 यात्रियों को रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। यात्रियों के विरुद्ध रेलवे नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की गई।
 
 
अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक  अनिल श्रीवास्तव एवं रेलवे मजिस्ट्रेट श्री प्रतीक त्रिपाठी की प्रत्यक्ष उपस्थिति रही। टिकट चेकिंग टीम में  एम.एल. मीणा,  अशोक त्रिपाठी,  के.पी. अरमो,  वीरेंद्र अहिरवार, नवीन व्यास, रमेश कुमार, संजीव श्रीवास्तव   सहित कुल 40 टिकट चेकिंग स्टाफ ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
 
 
अचानक पहुँचकर की जाती है सघन जाँच
 
बस रेड रेलवे का एक विशेष एवं प्रभावी टिकट चेकिंग अभियान है, जिसमें टिकट चेकिंग स्टाफ, RPF/GRP तथा रेलवे मजिस्ट्रेट के बीच समन्वय स्थापित कर किसी स्टेशन या रेलखंड पर अचानक पहुँचकर ट्रेनों एवं यात्रियों की सघन जाँच की जाती है। इस प्रकार की औचक जाँच का उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा रेल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
 
 
इस अभियान में ऐसे यात्रियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाती है जो बिना वैध टिकट यात्रा करते पाए जाते हैं अथवा निर्धारित नियमों के अनुरूप यात्रा नहीं कर रहे होते हैं। आवश्यकता होने पर ऐसे यात्रियों को रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाता है।
 
 
वैध टिकट के साथ यात्रा करने की अपील
 
 
झाँसी मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व उचित एवं वैध टिकट अवश्य प्राप्त करें, निर्धारित श्रेणी में ही यात्रा करें तथा अपने साथ ले जाए जा रहे सामान की नियमानुसार बुकिंग कराएँ। रेलवे द्वारा इस प्रकार के सघन एवं औचक टिकट चेकिंग अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे।
 
 
रेल प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को सुविधाजनक एवं अनुशासित रेल यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.