चिन्मय अमृत यात्रा का झाँसी में भव्य स्वागत

झांसी। चिन्मय मिशन के 75 गौरवशाली सेवा वर्षों के उपलक्ष्य में देशभर में संचालित “चिन्मय अमृत यात्रा–2026” शनिवार को चिन्मय वाहिनी से झाँसी पहुँची। यात्रा के झाँसी आगमन को लेकर चिन्मय साधकों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। स्वामी मित्रानंद जी के नेतृत्व में चल रही चिन्मय अमृत यात्रा का झाँसी की सीमा में प्रवेश से लेकर रात्रि विश्राम स्थल तक विभिन्न स्थानों पर श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया।
यात्रा का पहला पड़ाव ललितपुर रोड स्थित बड़ौरा चौराहा रहा, जहाँ साधकों ने यात्रा का स्वागत किया। इसके पश्चात यात्रा ग्राम घिसौली पहुँची, जहाँ ग्राम प्रधान सहित स्थानीय श्रद्धालुओं एवं चिन्मय साधकों द्वारा स्वागत किया गया। यात्रा आगे बढ़ते हुए जानकी मंदिर, बबीना पहुँची, जहाँ भी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक यात्रा का अभिनंदन किया।
इसके बाद यात्रा BHEL गेट नंबर-1, रिसेप्शन मुख्य द्वार पहुँची। यहाँ BHEL के कर्मचारियों द्वारा यात्रा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर चिन्मय अमृत यात्रा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण, वेदांत एवं भारतीय संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के मिशन की भावना को भी रेखांकित किया गया।
 
यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर सुरेंद्र साहू, एस.पी. गुप्ता, विनय गुप्ता, चंदा अरोड़ा, आर.पी. गुप्ता, मोहनदास गुप्ता, संजय मिश्रा, अफज़ल आजम मैनेजर भेल, हरीश अग्रवाल, सचिव इo मुकेश गुप्ता एवं ब्र. राघवेंद्र चैतन्य , सहित अनेक चिन्मय साधकों ने यात्रा का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
 
झाँसी पुलिस द्वारा चिन्मय अमृत यात्रा के पूरे यात्रा दल के लिए एस्कॉर्ट वाहन उपलब्ध कराया गया, जिसके कारण यात्रा का आवागमन सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ। चिन्मय मिशन की ओर से झाँसी पुलिस के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
 
झाँसी पहुँचने के बाद यात्रा का प्रमुख पड़ाव शतम जीवा कॉटेज रहा, जहाँ स्वामी मित्रानंद जी के रात्रि विश्राम की व्यवस्था अनुराधा शर्मा जी द्वारा की गई। वहीं यात्रा दल के अन्य सदस्यों के ठहरने की व्यवस्था होटल शीला श्री प्लाजा में विनय गुप्ता एवं शीला गुप्ता द्वारा की गई है।
 
चिन्मय अमृत यात्रा के झाँसी प्रवास के दूसरे दिन रविवार को यात्रा दल द्वारा झाँसी के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थलों का दर्शन किया जाएगा। इसमें प्रमुख रूप से झाँसी किला एवं ओरछा धाम के दर्शन शामिल हैं।
सायंकाल चिन्मय मिशन द्वारा रानी लक्ष्मीबाई पार्क से भव्य चिन्मय शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार पहुँचेगी, जहाँ चिन्मय अमृत यात्रा का मुख्य सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित होगा।
 
मुख्य कार्यक्रम में स्वामी मित्रानंद जी सहित यात्रा दल के संत एवं सदस्य, आमंत्रित अतिथिगण, चिन्मय साधक तथा नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे जिसमें चिन्मय मिशन के 75 वर्षों की आध्यात्मिक एवं सेवा यात्रा, युवाओं में भारतीय संस्कृति एवं वेदांत के प्रति जागरूकता तथा समाज में सेवा और संस्कार के संदेश पर विशेष रूप से प्रकाश डाला जाएगा।
 
चिन्मय मिशन झाँसी के सचिव ई. मुकेश गुप्ता ने नगरवासियों, चिन्मय साधकों एवं श्रद्धालुओं से शोभायात्रा तथा मुख्य सार्वजनिक कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आग्रह किया है क्योंकि “चिन्मय अमृत यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि पूज्य स्वामी चिन्मयानन्द जी के ज्ञान, वेदांत, सेवा एवं राष्ट्र जागरण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का अभियान है। झाँसी में इसका आगमन सभी साधकों एवं नगरवासियों के लिए गौरव और आनंद का अवसर है।”

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.