झांसी में ‘झंकार’ ऑल इंडिया नेशनल डांस, म्यूजिक कॉम्पिटिशन एवं फेस्टिवल 2026 का भव्य आयोजन
झांसी, 23 अगस्त 2026। कला, संस्कृति एवं भारतीय शास्त्रीय नृत्य को समर्पित ‘झंकार ऑल इंडिया नेशनल डांस, म्यूजिक कॉम्पिटिशन एवं फेस्टिवल 2026’ का भव्य आयोजन रविवार को राजकीय संग्रहालय, झांसी में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शगुफ्ता कथक नृत्य कला समिति द्वारा किया गया। फेस्टिवल का उद्देश्य देशभर के प्रतिभाशाली कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा भारतीय नृत्य एवं संगीत की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अमित साहू, भाजपा महानगर महामंत्री की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही नीति शास्त्री, समाजसेवी, सीए दुष्यंत चतुर्वेदी एवं एडवोकेट राहुल गौतम विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
फेस्टिवल में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने कथक, शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य, मॉडर्न डांस, सेमी-क्लासिकल एवं गायन सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। देश के विभिन्न स्थानों से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय कला एवं संस्कृति की विविधता को मंच पर जीवंत किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वी. अनुराधा सिंह, इंटरनेशनल कथक सोलो परफॉर्मर, की विशेष कथक लाइव प्रस्तुति रही। उनकी मनमोहक कथक प्रस्तुति ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। ताल, लय, भाव एवं नृत्य की शानदार संगति ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया।
प्रतियोगिता की जजमेंट एवं निर्णायक भूमिका की जिम्मेदारी सपना मिश्रा ने निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का बारीकी से मूल्यांकन करते हुए उनकी प्रतिभा, तकनीक, भाव, लय एवं मंच प्रस्तुति के आधार पर निर्णय किया।
इस अवसर पर फेस्टिवल डायरेक्टर डॉ. शगुफ्ता खान ने कहा कि ‘झंकार’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि कलाकारों को अपनी प्रतिभा पहचानने, निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत हमारी सांस्कृतिक विरासत हैं और ऐसे आयोजनों के माध्यम से इन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों, अभिभावकों, कलाकारों एवं कला प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रतिभाशाली कलाकारों और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने ‘झंकार 2026’ को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मान, पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, कलाकारों, प्रतिभागियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
No Previous Comments found.