बुंदेलखंड में मुस्कान का दूसरा अध्याय शुरू, मेडिकल कॉलेज में 1 से 7 सितंबर तक होगा निःशुल्क ऑपरेशन

झाँसी: जन्मजात कटे होंठ एवं तालु की समस्या से पीड़ित बच्चों एवं मरीजों के चेहरों पर मुस्कान लौटाने के उद्देश्य से वीरांगना फाउंडेशन एवं ऑपरेशन स्माइल इंडिया द्वारा महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झाँसी के सहयोग से आयोजित विशेष निःशुल्क सर्जिकल सेवा अभियान की आज से शुरुआत हो गई है।यह इस सेवा अभियान का द्वितीय आयोजन है। अभियान के माध्यम से देश-विदेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क चिकित्सा एवं सर्जिकल सुविधा उपलब्ध करा रही है। इस बार अभियान में प्रारंभिक रूप से 120 मरीजों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन मरीजों की बड़ी संख्या एवं आवश्यकता को देखते हुए अब तक 180 से अधिक मरीजों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।वहीं, प्रारंभ में 80 मरीजों की निःशुल्क सर्जरी का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। मरीजों की संख्या एवं आवश्यकता को देखते हुए इस लक्ष्य को बढ़ाकर अब 100 से अधिक निःशुल्क सर्जरी किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
सर्जिकल प्रक्रिया 1 सितंबर से 7 सितंबर 2026 तक चलेगी, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा पात्र मरीजों की आवश्यकतानुसार सर्जरी की जाएगी।
वीरांगना फाउंडेशन की अध्यक्ष पूनम शर्मा ने कहा कि यह इस सेवा अभियान का द्वितीय आयोजन है। पहले आयोजन की सफलता और जरूरतमंद मरीजों की बड़ी संख्या को देखते हुए इस बार अभियान को और व्यापक स्तर पर आयोजित किया गया है।
उन्होंने कहा, “हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य बच्चों के चेहरों पर मुस्कान वापस लाना है। हमारा प्रयास है कि आर्थिक कठिनाई के कारण कोई भी बच्चा आवश्यक उपचार से वंचित न रहे। इस प्रकार के सेवा कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे और हम लगातार ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास करेंगे।”
इस विशेष अभियान में Mexico, Peru, USA, Democratic Republic of the Congo (DRC) और Netherlands सहित विभिन्न देशों के विशेषज्ञ चिकित्सक सहभागिता कर रहे हैं।अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ भारत के अनुभवी चिकित्सक तथा महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झाँसी के वरिष्ठ एवं जूनियर डॉक्टर भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
अभियान के लिए लगभग 40 से 50 डॉक्टरों एवं मेडिकल वॉलंटियर्स की विशेष टीम भी तैयार की गई है, जो स्क्रीनिंग, सर्जरी, एनेस्थीसिया, पोस्ट-ऑपरेटिव केयर एवं अन्य चिकित्सा सेवाओं में सहयोग करेगी।
इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि जन्मजात कटे होंठ एवं तालु की समस्या से प्रभावित बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी बच्चा बेहतर उपचार से वंचित न रहे। सांसद अनुराग शर्मा ने इस विशेष सेवा अभियान के लिए भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा तथा उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक  का विशेष रूप से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि जे.पी. नड्डा एवं बृजेश पाठक  का मार्गदर्शन इस विशेष सेवा कार्यक्रम में हम सभी को प्राप्त हो रहा है, जो इस अभियान को सफल एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से विशेषज्ञ चिकित्सकों का झाँसी आकर जरूरतमंद बच्चों की सेवा करना पूरे बुंदेलखंड के लिए गौरव की बात है। ऐसे सेवा अभियानों को आगे भी निरंतर जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।
इससे पूर्व फरवरी 2024 में आयोजित सेवा अभियान में 220 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई थी, जिसमें 113 मरीजों की सफल सर्जरी की गई थी। उस अभियान में 16 देशों के 32 चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ प्रदान की थीं।पिछले आयोजन की सफलता और मरीजों की आवश्यकता को देखते हुए इस बार अभियान को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
अभियान में पात्र मरीजों को निःशुल्क स्क्रीनिंग, जाँच, सर्जरी, आवश्यक दवाइयाँ एवं अन्य चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए आने-जाने की निःशुल्क व्यवस्था के साथ-साथ मेडिकल कॉलेज में संचालित धर्मशाला में निःशुल्क रहने एवं ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।
इस विशेष अवसर पर मंडलायुक्त, झाँसी बिमल कुमार दुबे ,मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल सुधीर, सीएमएस सचिन माहोर, ऑपरेशन स्माइल के वाइस प्रेसिडेंट अभिषेक, डॉ अभिषेक मिश्र सहित देश-विदेश से आए वरिष्ठ चिकित्सकगण एवं उनकी समर्पित मेडिकल टीम, मेडिकल कॉलेज झाँसी के वरिष्ठ चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ तथा मीडिया के बंधु उपस्थित रहे।
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.