टोड़ी फतेहपुर एवं मऊरानीपुर में सांसद अनुराग शर्मा ने प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई राहत सहायता

झांसी। हाल ही में हुई अत्यधिक वर्षा के कारण लोकसभा क्षेत्र झांसी–ललितपुर के विभिन्न क्षेत्रों में जनहानि, मकानों के गिरने एवं पशुधन की हानि से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से झांसी–ललितपुर के सांसद श्री अनुराग शर्मा ने आज टोड़ी फतेहपुर एवं मऊरानीपुर में प्रभावित किसानों एवं परिवारों को राज्य आपदा मोचक निधि के अंतर्गत राहत सहायता राशि वितरित की।
 
इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा के साथ झांसी ग्रामीण जिलाध्यक्ष  प्रदीप पटेल, मऊरानीपुर विधायक श्रीमती रश्मि आर्य . सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना तथा उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
 
टोड़ी फतेहपुर में सांसद अनुराग शर्मा ने आपदा में जान गंवाने वाले परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा शासन की ओर से प्रदान की जा रही राहत सहायता राशि का चेक उनके घर पहुंचकर स्वयं वितरित किया। इस दौरान सांसद ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार एवं जनप्रतिनिधि उनके साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।
 
इसके उपरांत सांसद अनुराग शर्मा ने टोड़ी फतेहपुर नगर का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और वर्षा से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
 
सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रत्येक विपरीत परिस्थिति में पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ जनता के साथ खड़ी है। प्राकृतिक आपदा के कारण जिन परिवारों को जनहानि, मकान क्षति अथवा पशुधन की हानि का सामना करना पड़ा है, उन्हें शासन की ओर से नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि आपदा प्रभावित प्रत्येक पात्र परिवार तक राहत सहायता शीघ्र पहुंचे। प्रशासन द्वारा क्षति का सर्वे कराकर प्रभावित लोगों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया निरंतर जारी है।
 
सांसद  अनुराग शर्मा ने कहा, “संकट की इस घड़ी में कोई भी प्रभावित परिवार स्वयं को अकेला न समझे। डबल इंजन की सरकार और हम सभी जनप्रतिनिधि आपके साथ खड़े हैं। हमारा प्रयास है कि आपदा से प्रभावित प्रत्येक पात्र परिवार को समयबद्ध तरीके से राहत एवं सहायता उपलब्ध हो और वे शीघ्र सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।”
 
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा से हुई क्षति का सर्वे कार्य शीघ्र पूर्ण करते हुए पात्र प्रभावित परिवारों को शासन की राहत योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.