‘ड्रीमस्केप’ समूह कला प्रदर्शनी में देशभर के वरिष्ठ कलाकारों की कलाकृतियों का संगम
नई दिल्ली। मणिकर्णिका आर्ट गैलरी के तत्वावधान में आइफैक्स आर्ट गैलरी, नई दिल्ली में आयोजित ‘ड्रीमस्केप’ समूह कला प्रदर्शनी 2026 का उद्घाटन 12 सितंबर को कला जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों, वरिष्ठ कलाकारों एवं कला प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। देश के विभिन्न राज्यों से आए वरिष्ठ कलाकारों की उत्कृष्ट कलाकृतियों से सजी यह प्रदर्शनी 17 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 7 बजे तक कला प्रेमियों के अवलोकन के लिए खुली रहेगी।
उद्घाटन समारोह में शांता आर्ट गैलरी, नई दिल्ली के निदेशक श्री दलीप हितकारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं प्रख्यात कलाकार श्री एम.के. पुरी, श्री किशोर राय तथा वरिष्ठ मूर्तिकार एवं आइफैक्स की उपाध्यक्ष सुनीता लाम्बा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी में लगाई गई कलाकृतियों का अवलोकन किया तथा कलाकारों की रचनात्मकता, विषय-विविधता और विभिन्न कलाशैलियों की सराहना की।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रदर्शनी में देश के विभिन्न शहरों से आर्या डोंगरे (मुंबई, महाराष्ट्र), अनुराधा सक्सेना पृथी (नोएडा, उत्तर प्रदेश), चैताली रॉय (कोलकाता, पश्चिम बंगाल), डॉ. प्रमिला सिंह (झांसी, उत्तर प्रदेश), डॉ. पुष्पा अग्रवाल (रायपुर, छत्तीसगढ़), गार्गी बोस (कोलकाता, पश्चिम बंगाल), ईशानी सिन्हा (पटना, बिहार), इस्तुति सिन्हा (झांसी, उत्तर प्रदेश), जसप्रीत मोहन सिंह (लुधियाना, पंजाब), कामिनी बघेल (झांसी, उत्तर प्रदेश), कृष्ण कुमार दुबे (भदोही, उत्तर प्रदेश), ममता कपूर (नई दिल्ली), मधुपर्णा चौधरी (कोलकाता, पश्चिम बंगाल), माधुरी शर्मा (झांसी, उत्तर प्रदेश), मीनू सिंह (गुरुग्राम, हरियाणा), मिनी सुबोथ (ठाणे, महाराष्ट्र), मौतुसी घोष (हुगली, पश्चिम बंगाल), नीना जाधव (ठाणे, महाराष्ट्र), नेहा कौल (जम्मू-कश्मीर), पायल केवलानी (लखनऊ, उत्तर प्रदेश), पायल वर्मा (लखनऊ, उत्तर प्रदेश), प्रियंका अम्बास्था (गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश), राहुल राय (लखनऊ, उत्तर प्रदेश), रेशमा गुरनानी (लखनऊ, उत्तर प्रदेश), रितु मनचंदा (दिल्ली), शरवरी भावे (ठाणे, महाराष्ट्र), शुभ्रा गुप्ता (नवी मुंबई, महाराष्ट्र), शुचि कालरा बुधिराजा (नई दिल्ली), स्मिता भामरे (ठाणे, महाराष्ट्र), स्मृति अग्रवाल (आगरा, उत्तर प्रदेश), सुचेता जाधव (ठाणे, महाराष्ट्र), सुनीता लाम्बा (नई दिल्ली) तथा विभव क्षितिज (दिल्ली) सहित वरिष्ठ कलाकारों ने अपनी कलाकृतियों के साथ सहभागिता की।
देश के अलग-अलग राज्यों एवं सांस्कृतिक परिवेश से आए वरिष्ठ कलाकारों की कलाकृतियों ने प्रदर्शनी को विशेष स्वरूप प्रदान किया। कलाकारों ने विभिन्न विषयों, रंगों, भावों और कलाशैलियों के माध्यम से अपनी सृजनात्मक अभिव्यक्ति को कैनवास पर उतारा। एक ही मंच पर देश के अलग-अलग क्षेत्रों की कला एवं अभिव्यक्ति को देखने का अवसर मिलने से प्रदर्शनी कला प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
कार्यक्रम का संचालन प्रख्यात कलाकार कविता राजपूत ने किया। कार्यक्रम के समापन पर मणिकर्णिका आर्ट गैलरी की संयोजक एवं निदेशक, कलाकार कामिनी बघेल ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, प्रतिभागी कलाकारों तथा उपस्थित कला प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कामिनी बघेल ने कहा कि “मणिकर्णिका आर्ट गैलरी की ज्योति निरंतर आगे बढ़ रही है। गैलरी का उद्देश्य कला और कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। मणिकर्णिका आर्ट गैलरी द्वारा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से लगातार कला प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि देश के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों की कला को व्यापक मंच और पहचान मिल सके।”
उन्होंने कहा कि मणिकर्णिका आर्ट गैलरी भविष्य में भी कला और कलाकारों को प्रोत्साहित करने तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों को एक साझा मंच पर जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी।
आयोजकों ने दिल्ली एवं आसपास के सभी कला प्रेमियों से आह्वान किया है कि वे 17 सितंबर तक आइफैक्स आर्ट गैलरी, नई दिल्ली में चल रही ‘ड्रीमस्केप’ समूह कला प्रदर्शनी का अवलोकन करें और देश के वरिष्ठ कलाकारों की उत्कृष्ट कलाकृतियों से रूबरू हों।
No Previous Comments found.