"नशे के अंधकार के विरुद्ध जागरूकता का उजास, द्वितीय चरण में युवाओं ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
झांसी। युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से सचेत करने, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने और समाज में नशामुक्ति की व्यापक चेतना विकसित करने के उद्देश्य से ‘प्रयास—सभी के लिए’ संस्था द्वारा संचालित ‘नशा मुक्ति अभियान—Awareness Programme’ का द्वितीय चरण आज बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज, झाँसी में संपन्न हुआ।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा के मार्गदर्शन एवं अध्यक्ष के. डी. गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस जनजागरण कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें जीवन में सकारात्मक सोच, अनुशासन, शिक्षा एवं रचनात्मक गतिविधियों को अपनाने का संदेश दिया गया।
‘प्रयास—सभी के लिए’ द्वारा प्रारंभ किया गया यह अभियान अब जागरूकता की एक निरंतर श्रृंखला का रूप ले रहा है। प्रथम चरण के बाद द्वितीय चरण में भी संस्था ने युवाओं के बीच पहुँचकर नशे के विरुद्ध सामाजिक चेतना को और व्यापक बनाने का प्रयास किया। अभियान का उद्देश्य केवल नशे से होने वाली शारीरिक एवं मानसिक क्षति को बताना ही नहीं, बल्कि युवाओं को उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र एवं समाज निर्माण की दिशा में करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, संयमित और सकारात्मक जीवन जीने की सामूहिक शपथ दिलाई। उन्होंने शपथ के नैतिक संदेश को केवल शब्दों तक सीमित न रखते हुए उसे जीवन के आचरण में उतारने का आह्वान किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि किसी भी संकल्प की सार्थकता तभी है, जब वह हमारे व्यवहार और जीवन-पद्धति का हिस्सा बने। नशामुक्ति का संकल्प व्यक्ति को स्वयं मजबूत बनाने के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति उसकी जिम्मेदारी का भी बोध कराता है।
प्रधानाचार्य डॉ एस के राय कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई मूलतः सामाजिक चेतना की लड़ाई है। जागरूक युवा ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला रख सकते हैं। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों एवं युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए इसे निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
आयोजन को प्रभावी एवं उद्देश्यपूर्ण स्वरूप प्रदान करने में राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रकल्प प्रभारियों—डॉ. राम नारायण, डॉ. संजीव शेखर, डॉ. नागेन्द्र सिंह एवं डॉ. आकाश का समन्वय एवं सक्रिय सहयोग विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। उनके मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं राहुल जोशी,नवनीत कुशवाहा,निदा,मानसी, नैना,चित्रांश, अशोक कुमार आदि ने नशामुक्ति अभियान के विषय पर अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया तथा अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों, युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी और स्वस्थ समाज के निर्माण की आवश्यकता को रेखांकित किया। विद्यार्थियों की सारगर्भित अभिव्यक्तियों ने कार्यक्रम को जीवंतता प्रदान करते हुए जागरूकता के संदेश को और अधिक प्रभावशाली बनाया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं की प्रभावी प्रस्तुतियों एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए सभी राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रकल्प प्रभारी एवं सभी सहभागिता कर रहे छात्रों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे उपस्थित विद्यार्थियों में उत्साह और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का भाव और अधिक सुदृढ़ हुआ।
नशामुक्त कार्यक्रम अभियान के संयोजक रवि पाण्डेय ने संचालन किया साथ ही अपने उद्वोधन में कहा कि नशामुक्ति का संदेश तभी प्रभावी होगा, जब यह केवल मंच तक सीमित न रहकर प्रत्येक परिवार और प्रत्येक युवा तक पहुँचे।
उपरोक्त आयोजन में
बी के डी डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ एस के राय, प्रोफेसर एल सी साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रामबाबू शर्मा , बैदेही शरण सरावगी दिनेश चौरसिया अशोक अग्रवाल पीएनबी , बी पी नायक, अम्बिका प्रसाद श्रीवास्तव, राकेश मेहरोत्रा, अजीत अग्रवाल, एच एन शर्मा, उमाशंकर राय,आर पी मोदी,मनोज गुप्ता, सतीश साहनी सहित अनेक गणमान्यजन, महाविद्यालय परिवार एवं युवा उपस्थित रहे।
अंत में महामंत्री नवीन श्रीवास्तव ने मुख्य वक्ता, अतिथियों, महाविद्यालय परिवार, युवाओं एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
No Previous Comments found.