झांसी स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की CEO ने की समीक्षा, राजस्व और रखरखाव पर दिया जोर
झांसी। आज नगर आयुक्त , झाँसी नगर निगम अन्ना सुदन, जो झाँसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी हैं, के द्वारा झाँसी नगर निगम भवन के तृतीय तल पर स्थापित इंटीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर के सभाकक्ष में झाँसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड की परियोजनाओं की समीक्षा की गयी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी , झाँसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि झाँसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ऐसी परियोजनायें जो सम्बन्धित विभागों को हस्तांतरित कर दी गयी हैं तथा जिन परियोजनाओं से राजस्व प्राप्त हो रहा है, उन परियोजनाओं में परियोजना के मूल उद्देश्य से सम्बन्धित जानकारी एवं आँकड़ों को नियमित रुप से संस्थाओं से प्राप्त किया जाये।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी महोदय द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि झाँसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा पूर्ण की गयी विभिन्न परियोजनाओं एवं उपलब्ध करायी गयी सुविधाओं का अधिकतम जनोपयोग सुनिश्चित किया जाये। इन परियोजनाओं एवं परिसंपत्तियों का समुचित रखरखाव एवं नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित किया जाये। झाँसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड की विभिन्न परियोजनाओं एवं निर्मित परिसंपत्तियों के सम्बन्ध में आमजन को अधिक से अधिक जानकारी उपलब्ध करायी जाये। इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाये, ताकि नागरिक इन सुविधाओं का सही एवं अधिकतम उपयोग कर सकें तथा परियोजनाओं से प्राप्त होने वाले लाभों का समुचित लाभ उठा सकें।
परियोजनाओं के सम्बन्ध में कार्यरत समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह निर्देश दिये गये कि प्रत्येक परियोजना की उपयोगिता, जनहित, दीर्घकालिक अनुरक्षण, परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग तथा राजस्व सृजन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्य किया जाये। साथ ही, ऐसी संभावनाओं को चिन्हित किया जाये जिनके माध्यम से मौजूदा परिसंपत्तियों एवं सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करते हुए आमजन को बेहतर सेवायें उपलब्ध कराने के साथ-साथ झाँसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड के राजस्व में वृद्धि की जा सके।
समीक्षा बैठक के अन्त में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा मुख्य कार्यकारी अधिकारी , झाँसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड का धन्यवाद किया गया।
No Previous Comments found.