नगर आयुक्त/मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल के किये गए औचक निरीक्षण
झांसी। आज नगर आयुक्त/मुख्य कार्यकारी अधिकारी महोदय, झांसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरटीओ कार्यालय के निकट पीपीपी मॉडल पर संचालित किये जा रहे स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ने अस्पताल की चिकित्सा एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया तथा उपचारत मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाओं, चिकित्सकीय सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों से यह भी जाना कि उपचार के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा अथवा परेशानी का सामना तो नहीं करना पड़ रहा है।
नगर आयुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मरीजों से निर्धारित शुल्क के अनुरूप ही भुगतान लिया जाए तथा पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही पात्र आयुष्मान कार्डधारकों को योजना के अंतर्गत मिलने वाली समस्त सुविधाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराया जाये। दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें नगर निगम द्वारा संचालित रैन बसेरों की सुविधा की जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल में उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं एवं कम दरों पर उपलब्ध कराई जाने वाली जाँचों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
नगर आयुक्त/मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करना सुनिश्चित किया जाए तथा मरीजों की सुविधा, संतुष्टि और उपचार की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण में अपर नगर आयुक्त/अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, झांसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड एवं झाँसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड की टीम उपस्थित रही।

No Previous Comments found.