भाजपा जनप्रतिनिधियों, जिलाध्यक्ष व कार्यकर्ताओं ने बूथों पर सुनी प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’
झांसी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का रविवार को झांसी महानगर एवं जनपद के विभिन्न बूथों व शक्ति केंद्रों पर भव्य आयोजन हुआ। भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आम जनमानस के साथ विभिन्न स्थलों पर एकत्र होकर प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायी संबोधन का सामूहिक श्रवण किया।
कार्यक्रम के क्रम में झांसी-ललितपुर क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा ने एल.बी.एम. स्कूल में कार्यकर्ताओं व नागरिकों के साथ कार्यक्रम सुना। सदर विधायक रवि शर्मा ने बूथ संख्या 138 मुकरियाना में मुस्लिम समुदाय के लोगों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर प्रधानमंत्री के विचार सुने और आपसी सौहार्द व राष्ट्र विकास पर चर्चा की। वहीं बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने ग्राम अठोंदना में ग्रामीणों व किसान भाइयों के बीच उपस्थित रहकर मन की बात सुनी।
शिवाजी नगर मंडल अंतर्गत तालपुरा शक्ति केंद्र स्थित बूथ संख्या 225 पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने प्रसारण सुना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 138वें संस्करण के माध्यम से देशवासियों से संवाद करते हुए सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूर्ण होने पर वीर सैनिकों के शौर्य, आतंकवाद के विरुद्ध भारत की जीरो टॉलरेंस नीति, आगामी जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व के रूप में निभाने, पर्यावरण संरक्षण और ‘नशामुक्त युवा अभियान’ को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने स्थानीय उत्पादों (वोकल फॉर लोकल), पोषण अभियान और खेल प्रतिभाओं के संवर्धन पर बल दिया तथा विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंघल जी की जन्मशती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी का उद्बोधन समाज और राष्ट्रहित में निरंतर सक्रिय रहने की ऊर्जा देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का वास्तविक सामर्थ्य बूथ स्तर के निष्ठावान कार्यकर्ताओं में निहित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने, प्रत्येक बूथ समिति को सक्रिय रखने तथा जनता से सतत संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत आयोजित बूथ स्तरीय संगठनात्मक बैठक में आगामी अभियानों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा, संजीव श्रृंगारऋषि, हेमंत परिहार, क्षेत्रीय मंत्री सरदार परमजीत सिंह, शैलेंद्र प्रताप 'शैली' सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष व बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.