खरीफ फसलों के नुकसान का शीघ्र सर्वे कराकर किसानों को क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग
घरौंडा (झांसी) जनपद झांसी में लगातार हुई बारिश और जलभराव से खरीफ फसलों को हुए नुकसान को लेकर गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने प्रमुख सचिव, कृषि विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को पत्र भेजकर किसानों को शीघ्र क्षतिपूर्ति दिलाए जाने की मांग की है।
विधायक ने पत्र में बताया कि अगस्त-सितंबर माह में लगातार हुई भारी बारिश के कारण जनपद की सभी तहसीलों में खेतों में जलभराव की स्थिति बनी। इससे तिल, उड़द, मूंग, मूंगफली और धान की फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है।
पत्र के अनुसार, कई किसानों की उड़द और मूंग की फसल 80-90 प्रतिशत तक नष्ट हो गई है, जबकि मूंगफली की फसल को भी अत्यधिक क्षति पहुंची है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत प्रभावित ग्राम पंचायतों में फसलों के नुकसान का सर्वे कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि जिलाधिकारी/उप कृषि निदेशक कार्यालय, राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनी के अधिकारियों की संयुक्त समिति गठित कर खेतवार क्षति का आकलन कराया जाए।
उन्होंने पत्र में यह भी कहा कि कुछ किसानों द्वारा बोई गई फसलों का विवरण दर्ज कराने में त्रुटि हो जाने के कारण बीमा संबंधी दिक्कतें सामने आ सकती हैं। ऐसे मामलों में मौके पर बोई गई वास्तविक फसल का सत्यापन कर किसानों को राहत दिलाई जाए।
विधायक ने कहा कि पिछले वर्ष भी ऐसी समस्या सामने आई थी। इसलिए इस बार समय रहते फसलों के नुकसान का आकलन कराकर प्रभावित किसानों को राहत उपलब्ध कराना जरूरी है।
जवाहर लाल राजपूत ने प्रमुख सचिव से मांग की कि जलभराव और जलमग्नता से प्रभावित सभी ग्राम पंचायतों में संयुक्त समिति के माध्यम से फसलों की क्षति का शीघ्र सर्वे कराया जाए तथा पात्र किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति का भुगतान जल्द से जल्द कराया जाए।
*रिपोर्ट -आशुतोष गोस्वामी

No Previous Comments found.