सुखनई हादसे में पीड़ित परिवार के घर पहुंचे कमिश्नर,बोले पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है प्रशासन
झांसी: रानीपुर ग्राम देवरी सिंहपुरा में सुखनई नदी में डूबने से तिवारी परिवार के पांच सदस्यों की मृत्यु के दु:खद घटना के बाद मंडलायुक्त झांसी बिमल कुमार दुबे तहसील अधिकारियों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शासन की ओर से दी जा रही आर्थिक सहायता से संबंधित प्रपत्र सौंपे। राहत राशि पीड़ित परिवार की महिलाओं के बैंक खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।
गत दिवस सुखनई नदी में डूबने से अनूप कुमार, उनके पुत्र अर्पित, श्रेयांश व अभिनय तथा भांजे पुष्कर की मौत हो गई थी। हादसे के बाद प्रशासन की ओर से तत्काल राहत एवं सहायता की प्रक्रिया शुरू की गई। मंडलायुक्त ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया। मण्डलायुक्त ने कहा कि किसान आपदा निधि से भी पीड़ित परिवार को नियमानुसार अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में शासन और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। बच्चों की शिक्षा के लिए शासन की ओर से जो भी आर्थिक सहायता देय होगी, उसे जल्द उपलब्ध करायी जाएगी।
मंडलायुक्त ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि नदी, तालाब, बांध एवं अन्य जलस्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। जलस्तर बढ़ने या तेज बहाव की स्थिति में किसी भी व्यक्ति को पानी के नजदीक नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। लोगों को स्वयं सावधानी बरतने के साथ बच्चों को भी जलस्रोतों से दूर रखने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
इस दौरान उपजिलाधिकारी मनोज भारती, तहसीलदार ललित कुमार, लेखपाल पुष्पेंद्र कुमार, पूर्व विधायक प्रागीलाल अहिरवार सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट अंकित साहू

No Previous Comments found.