राष्ट्रव्यापी आव्हान पर कांग्रेस का काली पट्टी बांधकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन, दिया धरना
झांसी। आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष देशराज रिछारिया वह महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता के नेतृत्व में दोपहर करीब एक बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेसियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने हाथों में तख्तियां लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर दिल्ली में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य विपक्षी सांसदों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। कांग्रेसियों ने दिल्ली की कार्रवाई को लोकतंत्र का काला दिन बताते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को इस तरह की कार्रवाई स्वीकार नहीं है।
दरअसल, दिल्ली में विपक्षी सांसदों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया था। 7 अक्टूबर को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसके बाद कांग्रेस ने देशभर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया। इसी क्रम में झांसी में भी कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित वोट चोरी का मामला सामने आने के बावजूद केंद्र की भाजपा सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त का बचाव कर रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि ज्ञानेश कुमार ने वोट चोरी नहीं की है तो भाजपा को उनके बचाव में सामने आने की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी।
कांग्रेसियों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध प्रदर्शन करते रहे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे केवल प्रदर्शन करने नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारी देने के लिए भी तैयार होकर आए हैं।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिल्ली में विपक्षी सांसदों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस सड़क से लेकर कलेक्ट्रेट तक अपना विरोध दर्ज कराएगी। प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक नारेबाजी होती रही।
प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष इम्तियाज हुसैन, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेंद्र सिंह यादव, सुधांशु त्रिपाठी, राहुल रिछारिया, डॉक्टर बलवान सिंह यादव, राजेंद्र शर्मा, आशिया सिद्दीकी, रेखा रानी, मनीराम कुशवाहा समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No Previous Comments found.