गैस सिलेंडर न मिलने से उज्ज्वला योजना के लाभार्थी पार्षद प्रतिनिधि के साथ डीएसओ से मिले

झांसी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिले गैस कनेक्शन के बाद लाभार्थियों को रिफिल गैस सिलेंडर की आपूर्ति पिछले 1 वर्ष से नहीं हो पा रही है, जबकि उनके मोबाइल पर गैस सिलेंडर के डिलीवरी के मैसेज लगातार आ रहे हैं। इतना ही नहीं, उनकी सब्सिडी भी प्राप्त हो रही है। इस संबंध में जब उपभोक्ताओं ने संबंधित गैस वितरक को समस्या से अवगत कराया, तो उस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया। परेशान होकर आज सभी ने क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती अर्चना पंकज राय के नेतृत्व में जिला पूर्ति अधिकारी से वार्ता कर समस्या का निराकरण कराये जाने का अनुरोध किया। वार्ड क्रमांक 45 छनियापुरा में रहने वाली दामिनी रजक, स्वाती, कोमल कुशवाहा, राजकुमारी पाखरे, हेमा श्रीवास, आशा पाखरे, राजकुमारी, गुनगुन पाखरे, बेवी साहू आदि महिलाओं ने क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती अर्चना राय के प्रतिनिधि पंकज राय के साथ जाकर इस समस्या से जिला पूर्ति अधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने तत्काल अधीनस्थ अधिकारी को समस्या का निराकरण किये जाने के निर्देश जारी किए। पीड़ितों का कहना था कि पिछले 1 वर्ष से यह सिलसिला लगातार चल रहा है। थक हारकर उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद को इस समस्या से अवगत कराया, तब कहीं जाकर आज जिला पूर्ति अधिकारी के पास अपना अनुरोध लेकर आए।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.