झाँसी मण्डल में ऑल इण्डिया एससी/एसटी रेलवे इम्प्लाइज एसोसिएशन की अनौपचारिक बैठक आयोजित

झांसी: आज झाँसी मण्डल कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक सभाकक्ष में ऑल इण्डिया एससी/एसटी रेलवे इम्पलाईज एसोसियेशन की अनौपचारिक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के प्रारम्भ में वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने मण्डल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, अपर मण्डल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा पी.पी. शर्मा, अपर मण्डल रेल प्रबंधक/ऑपरेशन नंदीश शुक्ला, उपस्थित शाखाधिकारियों तथा एसोसिएशन के समस्त पदाधिकारियों का स्वागत किया। बैठक के दौरान रेलवे आवासों की मरम्मत एवं साफ-सफाई, रात्रि ड्यूटी भत्ता, पेयजल की समस्या तथा कर्मचारियों से संबंधित अन्य विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। आपसी समन्वय से बैठक में प्रस्तुत कुछ मदों का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि शेष मदों पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने हेतु मण्डल रेल प्रबंधक महोदय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
एसोसिएशन के मण्डल सचिव वीरेन्द्र कुमार अहिरवार ने कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति उसके प्रबंधन एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय और सौहार्दपूर्ण संबंधों पर निर्भर करती है। उन्होंने एससी/एसटी कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशीलता एवं समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयास करने के लिए वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा तथा लाइजन अधिकारी एवं वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक, झाँसी अमन वर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने मण्डल के सभी अधिकारियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में झाँसी मण्डल के सभी शाखाधिकारी, ऑल इण्डिया एससी/एसटी रेलवे इम्प्लाइज एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें मण्डल के निरंतर विकास, बेहतर प्रशासनिक समन्वय तथा कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श किया गया।
 
रिपोर्टर अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.