सच्चे राष्ट्रवादी, हिन्दू मुस्लिम एकता के प्रबल पक्षधर थे मौलाना अबुल कलाम आजाद ,जयंती पर किया याद
झांसी । एजुकेशनल एंड माइनॉरिटीज वेलफेयर सोसाइटी के तत्वाधान में अंदर ओरछा गेट स्थित मदर इंडिया कांवेंट जूनियर हाई स्कूल में आजाद हिन्दुस्तान के पहले शिक्षा मंत्री "भारत रत्न" मौलाना अबुल कलाम आजाद का जन्म दिवस राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के रूप में डॉ. राजेश चौरसिया वरिष्ठ अधिवक्ता के मुख्य आतिथ्य, पूर्व सभासद अब्दुल जाबिर की अध्यक्षता में मनाया गया l
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मौलाना आजाद एक सच्चे राष्ट्रवादी, हिन्दू मुस्लिम एकता के प्रबल पक्षधर थे, वह हमेशा राष्ट्रीय एकता, देश की आर्थिक प्रगति के लिए संघर्षरत रहे lवह महात्मा गांधी के विचारों से बेहद प्रभावित ऐसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे, जिन्होंने अन्य मुस्लिम नेताओं से हटकर बंगाल विभाजन का विरोध किया और आल इंडिया मुस्लिम लीग की अलगाववादी विचार धारा को खारिज किया था l सन् 1923 में आप भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने।
आजाद हिंदोस्तान में आपको देश का पहला शिक्षा मंत्री बनाया गया। आपके कार्यकाल में आईआईटी, विश्व विद्यालय अनुदान आयोग, संगीत नाट्य अकादमी, साहित्य अकादमी, ललित कला अकादमी जैसे अविस्मरणीय कार्य हुए ।
मौलाना आजाद ने हमेशा सादगी का जीवन पसंद किया।
जब उनका निधन हुआ उस समय उनके पास कोई संपत्ति नहीं थी और न कोई बैंक खाता,निजी अलमारी से कुछ सूती अचकन, एक दर्जन खादी कुर्ते पजामे, दो जोड़ी सैंडल ओर अनेकों दुर्लभ पुस्तकें मिली जो अब राष्ट्र की संपत्ति हैं ।
मरणोपरांत आपको सन् 1992 में " भारत रत्न"से सम्मानित किया गया l इस अवसर पर हाजी मो. शफीक, मिर्ज़ा नफीस, सलमान खान, अब्दुल खलील, अशरफ सर, राशिद मंसूरी, फिरोज खान, लोकेश भट्ट, चंद्रशेखर पाण्डेय आदि मौजूद रहे l कार्यक्रम का संचालन एवं आभार मोहम्मद फारुक एडवोकेट ने व्यक्त किया l

No Previous Comments found.