कचहरी परिसर के ATM में चोरी का प्रयास करने वाला बदमाश गिरफ्तार, तमंचा और चोरी की बाइक बरामद, 2 नाबालिग हिरासत में

झांसी। थाना नवाबाद पुलिस ने कचहरी परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में दो बाल अपचारियों को भी पुलिस निगरानी में लिया गया है।
 
घटना के संबंध में पीएनबी झोकनबाग के मुख्य प्रबंधक सुनील दत्त ने तहरीर दी थी कि 10 नवंबर की रात अज्ञात व्यक्तियों ने न्यायालय परिसर स्थित पीएनबी के एटीएम (ATM ID: N3367100) में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास किया। तहरीर के आधार पर थाना नवाबाद में मुकदमा संख्या 624/26 धारा 303(1)/62/324(2) बीएनएस व 2/3 सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
 
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रेलवे ग्राउंड के पास घेराबंदी कर तीन अभियुक्तों को पकड़ा। तलाशी में अभियुक्त शाहरुख पुत्र निसार उम्र करीब 21 वर्ष निवासी ग्राम पठा, रानीपुर, थाना मऊरानीपुर, जनपद झांसी के पास से पैंट में खोंसा हुआ एक 12 बोर का तमंचा और पैंट की जेब से 2 जिंदा कारतूस 12 बोर बरामद हुए। उसके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। उसके दो अन्य साथी बाल अपचारी निकले, जिन्हें पुलिस निगरानी में लिया गया है।
 
अवैध तमंचा बरामद होने पर थाना नवाबाद में मुकदमा संख्या 628/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
 
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रिया सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नवाबाद के नेतृत्व में की गई।
 
गिरफ्तार करने वाली टीम में चौकी प्रभारी जेल उ.नि. मोहित कुमार, चौकी प्रभारी इलाइट उ.नि. अनुज कुमार, का. सूर्यबली शर्मा और का. जितेन्द्र कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.