मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ के मामले में दोषी को 5 वर्ष का कठोर कारावास ,20 हजार रुपए अर्थदण्ड

झांसी। तीन साल पहले 13 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ बदनियती से छेड़छाड़ कर दुष्कर्म का प्रयास करने के मामले में दोषी को अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट,मोहम्मद नेयाज अहमद अंसारी के न्यायालय ने 5 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई , साथ ही 20 हजार रुपए के अर्थदण्ड से भी दंडित किया।
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता श्रीमती प्रीति चतुर्वेदी के अनुसार वादिया मुकदमा ने थाना बरुआसागर में तहरीर देते हुए बताया था कि 26 जून 2023 को उसकी पुत्री उम्र 13 वर्ष ,समय करीब 6 बजे बकरी तलाश करने गयी थी, जब वह बकरी तलाश करते हुए शिशुपाल के बाड़े पर पहुंची तो शिशुपाल ने कहा तुम्हारी बकरी बाड़े के अंदर है और उसकी पुत्री को बाड़े के अंदर ले गया और उससे कहा कि नींबू तोड़ लो, उसकी पुत्री ने मना किया तो उसने बाड़े का फाटक बंद कर दिया और उसकी पुत्री को वहीं पर पड़ी चारपाई पर बुरी नियत से पटक दिया , पुत्री के चिल्लाने की आवाज वहां से निकल रही चाची ने सुनी और बाड़े के गेट पर पहुंची तो शिशुपाल उसकी पुत्री को छोड़कर भाग गया। पुत्री ने घर आकर उसे सारी बातें बताई।तहरीर के आधार पर अभियुक्त शिशुपाल के विरुद्ध धारा-354 (क) भा.दं.सं. एवं धारा-7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचनोपरान्त संकलित साक्ष्य के आधार पर अभियुक्त शिशुपाल यादव के विरुद्ध धारा-354,354 क, 354 (ख) भा.दं.सं. एवं धारा-7/8 पॉक्सो एक्ट धारा-3 (1) (डब्ल्यू), 3(2) (व्ही ए) एस.सी./एस.टी. एक्ट के तहत आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों एवं गवाहों के आधार पर दोषसिद्ध अपराधी शिशुपाल यादव को धारा-354 भा.दं.सं. के अपराध के लिए 5 वर्ष के कठोर कारावास एवं  10 हजार रुपए के अर्थदण्ड , अर्थदण्ड न अदा करने पर 4 माह के अतिरिक्त कारावास, धारा-7/8 पॉक्सो एक्ट के अपराध के लिए 05 वर्ष के कठोर कारावास एवं  10 हजार रुपए के अर्थदण्ड, अर्थदण्ड न अदा करने पर 04 माह के अतिरिक्त कारावास की सजा सुनाई गयी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.