सांसद अनुराग शर्मा का जन्मदिन सेवा और जनकल्याण के साथ मनाया गया, झांसी-ललितपुर में दिनभर चले सेवा कार्य
झांसी /ललितपुर। झांसी-ललितपुर के सांसद अनुराग शर्मा का जन्मदिन इस बार उत्सव के बजाय सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाया गया। पूरे संसदीय क्षेत्र में उनके समर्थकों, शुभचिंतकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने बालगृह, अनाथालय, वृद्धाश्रम, वनवासी कल्याण आश्रम और विभिन्न मंदिरों में सेवा कार्य किए।
जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न मंदिरों में सांसद की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य के लिए हवन-पूजन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।
तालबेहट स्थित शबरी मंदिर में सुंदरकांड पाठ, हवन एवं पूजन हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, समर्थकों और श्रद्धालुओं ने शामिल होकर सांसद की दीर्घायु और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। वनवासी कल्याण आश्रम तालबेहट में आदिवासी बच्चों ने उत्साह के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया।
ललितपुर नगर स्थित अन्नपूर्णा भोजनालय में असहाय और जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क भोजन कराया गया। राजकीय बालगृह ललितपुर में बच्चों को पुस्तकें और पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को कॉपी, पुस्तकें और शैक्षणिक सामग्री दी गई। वृद्धाश्रम में पहुंचकर समर्थकों ने वृद्धजनों के साथ समय बिताया और फल-मिष्ठान वितरित किए।
झांसी में भी विभिन्न स्थानों पर वस्त्र वितरण, विद्यालयों में कॉपी-पुस्तक वितरण और जरूरतमंदों के बीच सेवा कार्य किए गए। झांसी स्थित वृद्धाश्रम में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसके बाद वृद्धजनों को फल और मिष्ठान वितरित किए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिली बड़ी सौगात
जन्मदिन के अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा ने सीएसआर के माध्यम से मेडिकल कॉलेज ललितपुर और जिला अस्पताल झांसी को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण समर्पित किए।
मेडिकल कॉलेज ललितपुर को डिजिटल पोर्टेबल एक्स-रे मशीन, डिस्पोजेबल वीडियो असिस्टेड उपकरण, हाई फ्लो नेजल कैनुला (HFNC), एबीजी मशीन, लैमिनार एयर फ्लो, बीईआरए मशीन, इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन, नेबुलाइजर और आधुनिक डेंटल चेयर भेंट की गई। वहीं जिला अस्पताल झांसी को अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन प्रदान की गई।
दक्षिण भारत के आधिकारिक दौरे पर भी निभाया दायित्व
सांसद अनुराग शर्मा जन्मदिन पर संसदीय क्षेत्र में उपस्थित नहीं थे। वह संसद की परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी स्थायी समिति के सदस्य के रूप में समिति के तीन दिवसीय आधिकारिक अध्ययन दौरे पर दक्षिण भारत में हैं।
इस दौरे में समिति द्वारा दक्षिण भारत के विभिन्न ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के मंदिरों के संरक्षण, विकास और पर्यटन की संभावनाओं का अध्ययन किया जा रहा है। साथ ही इन स्थलों को हवाई संपर्क से जोड़ने और क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी विचार किया जा रहा है।
इसी क्रम में सांसद ने प्रातःकाल ब्रह्ममुहूर्त में श्री रंगनाथस्वामी मंदिर में आयोजित प्रातःकालीन आरती में शामिल होकर दर्शन-पूजन किया और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मेडिकल कॉलेजों में मरीजों को भोजन वितरित
सांसद के समर्थकों ने झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में मरीजों और तीमारदारों को भोजन वितरित किया। इसी तरह मेडिकल कॉलेज ललितपुर में भी मरीजों और उनके परिजनों को भोजन सामग्री और फल वितरित किए गए।
इस प्रकार सांसद अनुराग शर्मा का जन्मदिन सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व, धार्मिक आस्था और संसदीय कर्तव्यों के समन्वय का विशेष अवसर बना।

No Previous Comments found.