उप मुख्य कार्मिक अधिकारी ने दिया 15 दिसम्बर तक सभी पदोन्नति पूर्ण करने का आश्वासन
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ द्वारा घोषित 19 नवम्बर को धरना के नोटिस के उपरान्त प्रशासन हरकत में आया और आज दिनांक 18 नवम्बर को ही वार्ता हेतु UMRKS प्रतिनिधिमण्डल को आमंत्रित किया गया। उप मुख्य कार्मिक अधिकारी ने प्रमुखता से पदोन्नति के विषयों पर द्विचक्रीय (सुबह एवं शाम को) वार्ता की। वार्ता में उन्होंने टैक्नी 2 एवं टैक्नी 3 की संशोधित वरीयता सूची आज ही जारी करने, 03 दिन में मिलराईट के पदोन्नति को पूर्ण करने, 01 सप्ताह में टैक्नी-3 कर्मचारियों को ट्रेड टेस्ट हेतु भेजने, टैक्नी-2 से टैक्नी-1 की पदोन्नति हेतु प्रक्रिया 01 दिसम्बर से शुरू करके 15 दिसम्बर तक पूर्ण करने, 15 दिसम्बर तक ही टैक्नी-3 कर्मचारियों का ट्रेड टेस्ट उपरान्त पदोन्नति करने का आश्वासन दिया। अन्य सभी ट्रेडों के पदोन्नति की समस्त प्रक्रिया को पूर्ण कर दिसम्बर माह में ही पदोन्नति प्रदान करने जिससे कर्मचारियों को जनवरी में मिलने वाला वित्तीय लाभ मिल सकेगा एवं दिव्यांग कर्मचारियों को स्कूटी (तिपहिया) दिये जाने हेतु अधिसूचना शीघ्र किये जाने का आश्वासन भी दिया। पदोन्नति के अतिरिक्त अन्य विषयों पर कार्यवाही किये जाने की बात कही। उप मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री जॉय अमित वैन्ड्रिन द्वारा दिये गये सकारात्मक आश्वासन के बाद संघ द्वारा धरना स्थगित कर दिया गया है। परन्तु उपरोक्त पदोन्नति समय से पूर्ण नहीं प्रतीत होने पर संघ पुनः धरना करने हेतु बाध्य होगा।
संघ की ओर से वार्ता में मण्डल अध्यक्ष संजीव वर्मा, मंडल मंत्री संतोष राठौर, कोषाध्यक्ष दयानिधि मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष हेमन्त नायक, संगठन मंत्री कपीस सिंह, अमित थापक, संदीप दत्त, पंकज पाण्डेय, रविकान्त अग्निहोत्री, अंशुल जैन, कुलदीप नायक, प्रदीप शुक्ला, रामभरत गौड़ आदि उपस्थित हुये।
No Previous Comments found.