ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण अनुकूल पहल में झाँसी मंडल की उल्लेखनीय उपलब्धियाँ

झांसी। भारतीय रेलवे द्वारा ऊर्जा संरक्षण, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को प्रोत्साहन तथा परिचालन लागत में कमी लाने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों के अंतर्गत झाँसी मंडल, उत्तर मध्य रेलवे द्वारा उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की जा रही हैं। मंडल में सौर ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग, डीजल ईंधन की खपत में कमी तथा ऊर्जा संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों के सकारात्मक परिणामस्वरूप मंडल ने वित्तीय बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
 
झाँसी मंडल में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों के माध्यम से सितंबर 2026 के दौरान कुल 1,43,170 यूनिट विद्युत ऊर्जा का उत्पादन किया गया। इस उत्पादन से मंडल को ₹9,42,712 की आर्थिक बचत हुई। अप्रैल 2026 से सितंबर 2026 तक की अवधि में सौर ऊर्जा संयंत्रों द्वारा कुल 8,27,949 यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया, जिससे मंडल को अब तक ₹50,77,277 की संचयी बचत प्राप्त हुई है।
 
सौर ऊर्जा का उपयोग पारंपरिक विद्युत स्रोतों पर निर्भरता कम करने के साथ-साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सितंबर 2026 के दौरान मंडल के सौर ऊर्जा संयंत्रों का क्षमता उपयोग कारक (CUF) 10.88 प्रतिशत दर्ज किया गया।
 
डीजल ईंधन की खपत को नियंत्रित करने के लिए रेलवे बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप झाँसी मंडल में डीजल लोको को आवश्यकता न होने पर बंद रखने की व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। इन प्रयासों से उल्लेखनीय आर्थिक बचत हुई है।
 
अक्टूबर 2026 के दौरान डीजल लोको शटडाउन के माध्यम से HSD ऑयल पर ₹1,43,47,500 की बचत दर्ज की गई। वहीं, अप्रैल 2026 से अक्टूबर 2026 तक इस मद में कुल ₹10,41,21,682 की संचयी बचत हासिल की गई है।
 
मंडल द्वारा डीजल ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग एवं प्रभावी प्रबंधन के परिणामस्वरूप अक्टूबर 2026 में HSD ऑयल की खपत घटकर 502 किलोलीटर रह गई, जबकि पिछले वर्ष अक्टूबर 2025 में यह खपत 599 किलोलीटर थी। इस प्रकार पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 97 किलोलीटर डीजल की कम खपत हुई, जो 16.1 प्रतिशत की कमी को दर्शाती है।
 
मंडल रेल प्रबंधक  अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि झाँसी मंडल द्वारा सौर ऊर्जा जैसे नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के उपयोग और डीजल ईंधन की खपत को नियंत्रित करने के लिए किए जा रहे प्रयास ऊर्जा संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन पहलों से न केवल रेलवे के परिचालन व्यय में कमी आ रही है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग और पर्यावरण के अनुकूल कार्यप्रणाली को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.