गोपाष्टमी पर्व पर कामधेनु गौशाला में हुआ भव्य गौ पूजन, गौ माता की आरती कर लिया आशीर्वाद
सकरार, झांसी: गोपाष्टमी पर्व के पावन अवसर पर कस्बा सकरार स्थित कामधेनु गौशाला में मंगलवार को भव्य गौ पूजन का आयोजन किया गया। गौ भक्तों ने गौ माता को स्नान कराकर, तिलक लगाकर, फूल-माला पहनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
पूजन के दौरान गौ माता को गुड़, हरा चारा, रोटी और केले खिलाए गए और गौ माता की सामूहिक आरती उतारी गई। गौशाला में मौजूद सभी गायों को सजाया गया। गौ पूजन के बाद प्रसाद वितरण भी किया गया।
गौशाला प्रबंधक रज्जन सिंह ने बताया कि गोपाष्टमी का पर्व गौ माता के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण ने इसी दिन गौ चरण की शुरुआत की थी। इस दिन गौ सेवा और गौ पूजन करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और परिवार में सुख-समृद्धि आती है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, महिलाएं और बच्चे गौशाला पहुंचे। सभी ने गौ माता की परिक्रमा कर गौ रक्षा और गौ संवर्धन का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने कहा कि गौशाला गांव की आस्था का केंद्र है और गौ सेवा ही सच्ची सेवा है।
पूजन कार्यक्रम में गौशाला प्रबंधन समिति सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन गौ माता की आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
रिपोर्ट अंकित साहू

No Previous Comments found.