पोलियो दिवस पर सभी प्राथमिक विद्यालय खुले रहेंगे, एमडीएम का होगा वितरण- प्रभारी जिलाधिकारी

झांसी: जनपद में 22 नवम्बर 2026 से 0 से 05 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए अभियान का होगा शुभारंभ। अभियान को सफल बनाने एवं प्रचार प्रसार के दृष्टिगत आज प्रभारी जिलाधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने विकास भवन सभागार में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए अभियान से जुड़े समस्त चिकित्सक और कर्मचारियों के साथ ही धर्मगुरुओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से अभियान को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि एक भी बच्चा पोलियो दवा पीने से छूटा सुरक्षा चक्र टूटा। 
जनपद में पोलियो अभियान के अंतर्गत 0 से 05 वर्ष तक के कुल 297845 बच्चों को अभियान चलाकर पोलियो की ड्राप पिलाए जानने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि 22 नवम्बर 2026 को समस्त स्कूलों में तैयार बूथों का उद्घाटन करते हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी तथा 23 से 27 नवम्बर तक छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो दवा पिलाई जाएगी,टीम बी 30 नवम्बर से एक्टिव होगी और घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएगी। 
उन्होंने पोलियो अभियान को सफल बनाने के दृष्टिगत निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत ट्रांजिट बूथ तैनात टीम अधिक सतर्क रहते हुए कार्य करना सुनिश्चित करें ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित ना रहे। उन्होंने निर्माण कार्य स्थल, स्टोन क्रेशर पर भी पोलियो टीम द्वारा भ्रमण करते हुए 0 से 05 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो दवा पिलाया जाना सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्रेशर संचालकों की जिम्मेदारी है कि वहां रह रहे 0 से 05 वर्ष के बच्चों को पोलियो दवा पिलाना सुनिश्चित करें। पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए उन्होंने कहा कि शहरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र में रैली का आयोजन कर लोगों को 0 से 05 वर्ष के बच्चों को पोलियो दवा पिलाने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में बुलावा टोली के माध्यम से लोगों को पोलियो दवा पिलाने हेतु जागरूक किए जाने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान उन्होंने ताकीद करते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा से पूर्व पोलियो बूथ बंद पाया जाता है तो संबंधित टीम के सदस्यों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
प्रभारी जिलाधिकारी ने उपस्थित धर्म गुरुओं से अपील करते हुए कहा की मंदिरों में आरती के समय तथा मस्जिदों में नमाज के उपरांत माइक/ लाउडस्पीकर के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को 22 नवम्बर को पोलियो दवा 0 से 05 वर्ष के बच्चों को पिलाने हेतु बूथ पर पहुँचने की अपील करें, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो से सुरक्षित किया जा सके।
जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में पाताली हनुमान मंदिर, कारगिल पार्क के चन्द्र प्रकाश तिवारी, लल्लन महाराज ने सुझाव देते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा चौराहों पर संचालित एलईडी के माध्यम से पल्स पोलियो की जानकारी दी जाए ताकि समस्त नगरवासियों को जागरूक किया जा सके। जनपद में पल्स पोलियो अभियान जानकारी देते हुए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 रवि शंकर ने बताया कि जनपद में कुल 35 ट्रांजिट बूथ बनाए गए हैं, इसके अतिरिक्त 1173 बूथ तैयार किए गए हैं। उन्होंने बताया अभियान को सफल बनाने के लिए 816 टीम गठित की गई है तथा 247 सुपरवाइजर को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि माइक्रो प्लान तैयार कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त टीडीएफ की बैठक का आयोजन एसडीएम के स्तर पर जल्द ही आयोजित की जा रही हैं।
इस मौके पर समाजसेवी शिक्षाविद डॉ0 नीति शास्त्री,डॉ0 यू एन सिंह, डॉ0 रविशंकर, डॉ0 विजय शुक्ला, डॉ0 अनुराधा, डब्ल्यू एचओ से डॉ0 जूही सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
 
रिपोर्ट अंकित साहू 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.