वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर झाँसी मंडल में श्रद्धा एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया दीपोत्सव

झांसी। वीरता, शौर्य, त्याग और स्वाभिमान की प्रतीक महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर आज उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल द्वारा वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी रेलवे स्टेशन परिसर में श्रद्धा एवं देशभक्ति से ओतप्रोत दीपांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं यात्रियों ने वीरांगना के अदम्य साहस, राष्ट्रप्रेम और मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
 
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक, झाँसी अनिरुद्ध कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात उन्होंने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने वीरांगना के अद्वितीय साहस, नेतृत्व क्षमता5 और मातृभूमि के प्रति उनके अतुलनीय समर्पण को स्मरण किया।
 
इस अवसर पर उपस्थित अपर मंडल रेल प्रबंधक, शाखा अधिकारियों, रेल कर्मचारियों एवं यात्रियों ने भी वीरांगना के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया। सभी ने स्वतंत्रता संग्राम में उनके ऐतिहासिक योगदान और राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष को याद किया।
 
जयंती समारोह के विशेष आकर्षण के रूप में प्लेटफॉर्म नंबर-01 के बाहर स्थित वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थल पर भव्य दीपोत्सव आयोजित किया गया। प्रतिमा स्थल के आसपास दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। दीपों की यह जगमगाहट वीरांगना के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का प्रतीक बनी। इस दौरान स्टेशन परिसर का वातावरण देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओतप्रोत नजर आया।
 
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा.)  प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी  राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य)  ए.पी. गौतम, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त  जितेंद्र शर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) सुश्री सीमा तिवारी, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन)  धर्मेश कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट)  नीरज भटनागर सहित अन्य रेल अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में यात्री उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का आयोजन स्काउट एवं गाइड तथा कार्मिक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.