झाँसी में सिविल डिफेन्स मॉक ड्रिल का आयोजन,विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय के साथ किया आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास
झांसी: आज उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद झाँसी स्थित पुलिस लाइन ग्राउण्ड में सिविल डिफेन्स मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित आपातकालीन परिस्थिति अथवा हवाई हमले (एयर रेड) जैसी स्थिति में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने, राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा विभिन्न विभागों के मध्य आपसी समन्वय एवं तत्परता को परखना था।
मॉक ड्रिल के दौरान सायं 06:00 बजे एयर रेड की सूचना देने के उद्देश्य से एक लॉन्ग सायरन बजाया गया, जिसके माध्यम से नागरिकों को संभावित हवाई हमले की स्थिति के प्रति सचेत किए जाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। इसके उपरान्त निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विभिन्न राहत एवं बचाव टीमों द्वारा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास किया गया।
उक्त मॉक ड्रिल में जिलाधिकारी झाँसी गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी विकास कुमार की उपस्थिति रही। इस दौरान सिविल डिफेन्स, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, प्रशासनिक विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आपसी समन्वय स्थापित करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। विभिन्न विभागों की टीमों ने आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाने, घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सा एवं अग्निशमन संबंधी व्यवस्थाओं के संचालन का प्रदर्शन किया।
इस अभ्यास में एन.सी.सी. के कैडेट्स द्वारा भी प्रतिभाग किया गया। कैडेट्स ने मॉक ड्रिल की विभिन्न गतिविधियों को नजदीक से देखा तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रक्रिया को समझते हुए सहभागिता की। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में नागरिकों द्वारा भी मॉक ड्रिल का अवलोकन किया गया, जिससे उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में किस प्रकार धैर्य, सतर्कता एवं निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
इस प्रकार आयोजित मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों की कार्यक्षमता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं पारस्परिक समन्वय का अभ्यास किया गया। साथ ही आपदा अथवा किसी अप्रत्याशित आपातकालीन स्थिति में जनसामान्य को सुरक्षित रखने, राहत एवं बचाव कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा जान-माल की क्षति को न्यूनतम रखने के लिए आवश्यक तैयारियों का प्रदर्शन किया गया।जनपद झाँसी में आयोजित यह समन्वित मॉक ड्रिल आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने तथा जनसुरक्षा के प्रति सभी संबंधित विभागों की तत्परता एवं प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।
रिपोर्ट अंकित साहू

No Previous Comments found.