वीरांगना झलकारी बाई का अदम्य साहस और बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा : अरविंद वशिष्ठ

झाँसी। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महान वीरांगना झलकारी बाई की जयंती पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद वशिष्ठ ने उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अजय सूद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अरविंद वशिष्ठ ने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई का जीवन अदम्य साहस, त्याग, शौर्य और देशभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने महारानी लक्ष्मीबाई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष किया। रानी लक्ष्मीबाई की महिला सेना दुर्गा दल में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। संकट के समय रानी का वेश धारण कर अंग्रेजी सेना को भ्रमित करने की उनकी वीरगाथा इतिहास में सदैव याद की जाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि झलकारी बाई केवल झाँसी ही नहीं, बल्कि पूरे देश की गौरवशाली विरासत हैं। उनका संघर्ष इस बात का प्रमाण है कि देश की आजादी की लड़ाई में महिलाओं ने भी अद्वितीय साहस और बलिदान का परिचय दिया था।
पूर्व मंत्री अजय सूद ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि वीरांगना झलकारी बाई का साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में जो योगदान दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। ऐसी महान वीरांगनाओं के इतिहास और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
 
अंत में उन्होंने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई का नाम भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उनकी वीरता और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
उक्त अवसर पर सर्वश्री संजय पाल, मोहर सिंह राठौड़, सौरभ राय, मनीष कश्यप, हैदर अली, अमित चक्रवर्ती, अभिषेक दीक्षित, हनीफ राइन, संचित लाल, आदिल खान, सागर आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.