लोक सेवा आयोग एवं उ0प्र0 शिक्षा सेवा चयन आयोग की परीक्षा निष्पक्ष,नकलविहीन एवं सकुशल सम्पन्न कराने के दिए निदेॅश

झांसी: लोक सेवा आयोग, सम्मलित राज्य/ प्रवर अधीनस्थ सेवा( सामान्य एवं विशेष चयन) द्वारा दिनांक 06 दिसम्बर 2026 को दो पॉलियों में प्रथम पाली पूर्वान्ह 09:30 से 11:30 बजे तक द्वितीय पाली अपरान्ह 02:30 बजे से 04:30 बजे तक जनपद में निर्धारित 38 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होने परीक्षा सहित उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा सहायक अध्यापक(शहरी), प्राइमरी बेसिक शिक्षा विभाग, सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी(अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय) की परीक्षा दिनांक 03 दिसम्बर 2026 को दो पालियों में आयोजित जनपद के 22 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन, निर्विघ्न एवं सकुशल सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी प्रशासन ए के गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ए के गुप्ता ने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील कर दिए जाएं। बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने के लिए तैनात किए जाने वाले कर्मचारियों की सूची पहले से उपलब्ध कराई जाए, ताकि सुरक्षा के दृष्टिगत उनका सत्यापन कराया जा सके। उन्होंने सभी कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लिखित रूप में निर्धारित करते हुए उनकी सूची परीक्षा से पूर्व उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केन्द्रों पर बिजली, साफ-सफाई, शौचालय एवं पेयजल सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम प्रशासन ने बताया कि 03 दिसंबर को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा सहायक अध्यापक(शहरी) सम्बद्ध प्राइमरी,(अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय) की दो पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा में जनपद के 22 केंद्रों पर 9504 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसके साथ ही 06 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा लोक सेवा आयोग द्वारा सम्मिलित राज्य/ प्रवर अधीनस्थ सेवा (सामान्य/ विशेष चयन) की दो पारियों में आयोजित होने वाली परीक्षा में जनपद के 38 केंद्रों पर 16656 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। एडीएम प्रशासन ने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी परीक्षा की निर्धारित तिथि पर अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचकर सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा अपने-अपने आवंटित परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर केन्द्र व्यवस्थापक एवं सहायक केन्द्र व्यवस्थापक से समन्वय स्थापित करें तथा परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का समय रहते सत्यापन कर लें। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा की प्रत्येक तिथि को सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने आवंटित केन्द्रों पर भ्रमणशील रहकर परीक्षा को सुचारु एवं सकुशल सम्पन्न कराना सुनिश्चित करेंगे। एडीएम प्रशासन ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी परीक्षा की तिथि को प्रातः 06 बजे तक अनिवार्य रूप से अपने आवंटित परीक्षा केन्द्र पर पहुंच जाएं। केन्द्र पर पहुंचने के उपरान्त जिलों में स्थापित परीक्षा नियंत्रण कक्ष पर अपनी उपस्थिति की सूचना देना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपनी निगरानी में परीक्षा की शुचिता बनाए रखते हुए परीक्षा सम्पन्न कराएंगे। समस्त केन्द्र व्यवस्थापक परीक्षा को नकलविहीन, निर्विघ्न एवं सकुशल सम्पन्न कराने तथा परीक्षा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए उत्तरदायी होंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान मंडल की सभी जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा पूर्व से ही प्रभावी है। इसके दृष्टिगत परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में तथा आवश्यकता पड़ने पर उससे बाहर भी केन्द्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, परीक्षार्थियों एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के अतिरिक्त अन्य व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा की तिथियों में परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में तथा आवश्यकता पड़ने पर उससे बाहर भी फोटोस्टेट/कॉपीयर की दुकानें बंद रहेंगी। कोई भी व्यक्ति अथवा परीक्षार्थी शस्त्र या अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं करेगा। परीक्षा केन्द्र परिसर में मोबाइल फोन, पेजर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केन्द्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग तथा परीक्षा अवधि में पीसीओ, फैक्स, इंटरनेट एवं अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों का संचालन भी नियमानुसार प्रतिबंधित रहेगा।
इस अवसर पर डीआईओएस श्रीमती रती वर्मा, प्रधानाचार्य जीआईसी सतीश कुमार सहित समस्त सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.