तीन नशे के सौदागरों को दस -दस साल की सजा व दो -दो लाख रुपए जुर्माना
झांसी। चार वर्ष पूर्व यूपी एसटीएफ और एनसीबी टीम द्वारा झांसी पुलिस के साथ संयुक्त रूप से करोड़ों रुपए कीमत के गांजे सहित पकड़े गए तीन नशे के सौदागरों को दोषी करार देते हुए विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट ओम पाल सिंह के न्यायालय ने दस -दस साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाते हुए अर्थदंड से भी दंडित किया।
विशेष लोक अभियोजक उदय नारायण सोनी ने बताया कि पिछले काफी समय से उत्तर प्रदेश की एसटीएफ और एनसीबी टीम को उड़ीसा से गांजा की तस्करी कर झांसी के रास्ते उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, झांसी, सहित पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश आदि जिलों में बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी की सूचना मिल रही थी। इसी सूचना पर यूपी एसटीएफ और एनसीबी टीम ने झांसी पुलिस के साथ संयुक्त रूप से 19 जुलाई 2022 को बबीना टोल के पास चेकिंग के दौरान एक टैंकर को संदेह के आधार पर रोक कर तलाशी लेने का प्रयास किया। लेकिन टैंकर नहीं खुला। इस पर तीनों टीमों ने टैंकर को कटर से कटवा कर चेकिंग की तो उसके अंदर भारी मात्रा में कई पैकेट रखे दिखाई दिए। पैकेटों की तलाशी ली गई तो उसके अंदर गांजा था। टीमों ने जब गांजे की तौल कराई तो करीब 25 क्विंटल अवैध गांजा बरामद हुआ। टीम ने टैंकर चालक सतीश हेलौंडे, क्लीनर जलाल उद्दीन, साथी हरि शंकर सहित टैंकर के पीछे चार पहिया वाहन से चल रहे शक्ति सैनी को दबोच लिया। पूछताछ में टैंकर चालक सतीश हेलौंडे ने बताया कि वह चालक है, और इस वाहन में माल कार से पीछे चला रहे शक्ति सैनी ने उड़ीसा से रखवाया था और वह इसे मथुरा ले जा रहा था। टैंकर और गांजा को जब्त करते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर सभी को न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था। न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर दोष सिद्ध होने पर अभियुक्तगण हरी सिंह मीना पुत्र स्व० देवीलाल, जलालुद्दीन सफी पुत्र मोहम्मद आलम एवं सतीश पुंजाराम हेलोण्डे पुत्र पुंजाराम नारायण हेलोण्डे, को धारा-08 (सी) सपठित धारा-20 (बी) (ii) (सी) स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम [एनडीपीएस एक्ट 1985] के अपराध में 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा एवं दो-दो लाख रूपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया , अर्थदण्ड अदा न करने पर प्रत्येक अभियुक्त को छः-छः माह के अतिरिक्त साधारण कारावास की सजा भुगतनी होगी।

No Previous Comments found.