भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत जनपद झाँसी में हुआ विशेष कैम्प का आयोजन

झांसी: जिला निर्वाचन अधिकारी/ सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने विधानसभा 223- झाँसी नगर निर्वाचन क्षेत्र में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज एवं बुन्देलखण्ड महाविद्यालय स्थित विभिन्न बूथों का निरीक्षण करते हुए जनपदवासियों से अनुरोध किया कि वे विशेष अभियान दिवस पर अपने मतदेय स्थल पहुंचकर आलेख्य मतदाता सूची में नाम अवश्य जांच लें। यदि मतदाता सूची में नाम नहीं है तो तत्काल फार्म-6 भरकर जमा कराएं।
आज विशेष अभियान के अंतर्गत प्रभारी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा 223-विधानसभा सदर के अंतर्गत बीकेडी स्थित बूथ संख्या 89, 90, 91, 92, 93 एवं 94 तथा नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 292 से 300 तक का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीकेडी स्थित बूथ संख्या 90 के बीएलओ अमित कुमार सिंह एवं बूथ संख्या 92 के बीएलओ हेमंत कुमार साहू से फार्म-6, 7 एवं 8 की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। वहीं, बूथ संख्या 91 के बीएलओ जावेद खान से ईपी रेशियो एवं जेंडर रेशियो के संबंध में जानकारी लेते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार ईपी रेशियो 70 अनुमानित है। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची का गहनता से अवलोकन करते मतदाता सूची में पाई जाने वाली त्रुटियों का समयबद्ध ढंग से सुधार सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान उन्होंने बीकेडी के प्रधानाचार्य एस.के. राय से महाविद्यालय में अध्ययनरत 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की। इसके पश्चात प्रभारी जिला निर्वाचन अधिकारी ने नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज स्थित बूथों का निरीक्षण किया। बूथ संख्या 298 की बीएलओ सुश्री तरुणा से फार्म-6, 7 एवं 8 की प्रगति तथा ईपी रेशियो एवं जेंडर रेशियो के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बीएलओ तरुणा द्वारा अवगत कराया गया कि अभियान के दौरान आज 03 फार्म-6 प्राप्त हुए हैं। इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार जेंडर रेशियो 900 अनुमानित है। अतः छूटी हुई महिला मतदाताओं को चिन्हित किया जाए तथा पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु विशेष प्रयास किए जाएं। भ्रमण के दौरान तहसीलदार द्वारा अवगत कराया गया कि नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज द्वारा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने में सराहनीय योगदान दिया गया है। इस पर प्रभारी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने समस्त बीएलओ को निर्देशित किया कि प्राप्त फार्मों की फीडिंग की कार्यवाही में किसी प्रकार का विलंब न किया जाए। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों, विशेषकर महिला मतदाताओं, के नाम सम्मिलित कराने हेतु प्रभावी प्रयास किए जाएं। इस हेतु स्थानीय पार्षदों, गणमान्य व्यक्तियों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनका सहयोग प्राप्त किया जाए।
बूथ भ्रमण के दौरान नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 296 पर मतदाता सूची में अपना नाम स्थानांतरित कराने एवं अपने बच्चों के नाम सम्मिलित कराने हेतु आए मतदाता हरिओम शर्मा से भी उन्होंने संवाद किया तथा संबंधित बीएलओ को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। प्रभारी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित बीएलए एवं स्थानीय पार्षदों से अपील भी करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने तथा कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे, इसके लिए सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर तहसीलदार विवेक, बीकेडी के प्रधानाचार्य, सुपरवाइजर एवं संबंधित BLOs सहित अन्य उपस्थित रहे।    
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.