प्राकृतिक खेती को जनआंदोलन बनाने के लिए विश्वविद्यालय करेगा प्रभावी प्रयास - कुलपति प्रो. अशोक कुमार सिंह
झाँसी। प्राकृतिक खेती को बुंदेलखंड क्षेत्र में व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने, किसानों को प्रशिक्षित करने तथा उन्हें वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में विश्वविद्यालय प्रभावी प्रयास करेगा। प्राकृतिक खेती को जनआंदोलन बनाने के लिए विश्वविद्यालय को किसानों के साथ मिलकर कार्य करना चाहिए। कृषि विद्यार्थियों को भी प्राकृतिक खेती का केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि खेतों तक पहुँचकर इसके व्यावहारिक पहलुओं को समझना होगा, इससे वे भविष्य में किसानों को इसका लाभ पहुँचा सकें। यह बात रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी के कुलपति प्रो. अशोक कुमार सिंह ने रविवार को बिजौली, झांसी स्थित सत्यम प्राकृतिक कृषि फार्म पर आयोजित कार्यक्रम में कही।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. अशोक कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय के तकनीकी सहयोग से विकसित प्राकृतिक खेती आधारित ड्रैगन फ्रूट मॉडल फार्म का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में ड्रैगन फ्रूट जैसी उच्च मूल्य वाली वैकल्पिक फल फसलों की वैज्ञानिक खेती को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। ऐसे मॉडल फार्म किसानों को नई फसलों की उत्पादन तकनीक, प्राकृतिक खेती के तौर-तरीकों और व्यावसायिक संभावनाओं से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे क्षेत्र में फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों की आय बढ़ाने के नए अवसर भी विकसित होंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वविद्यालय के प्राकृतिक खेती से जुडे विद्यार्थियों ने सत्यम प्राकृतिक कृषि फार्म का शैक्षणिक भ्रमण किया। कुलपति प्रो. सिंह तथा विश्वविद्यालय के अधिष्ठाताओं एवं निदेशकों के मार्गदर्शन में हुए इस भ्रमण में विद्यार्थियों ने प्राकृतिक खेती की विभिन्न तकनीकों, कम लागत वाली कृषि प्रणालियों, प्राकृतिक कृषि आदानों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संवर्धन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को नजदीक से देखा और समझा।
प्राकृतिक खेती पर आयोजित संगोष्ठी में स्वागत उद्बोधन देते हुए प्राकृतिक खेती विशेषज्ञ आचार्य योगर्षि अविनाश ने कहा कि प्राकृतिक खेती आज देश की आवश्यकता है। धरती, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए प्राकृतिक खेती को अपनाना आवश्यक है। इसके माध्यम से विषमुक्त खाद्यान्न, फल एवं सब्जियों का उत्पादन संभव है, जो स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
सत्यम प्राकृतिक कृषि फार्म के व्यवस्थापक इंजीनियर रविकांत दुबे ने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल कृषि उत्पादन की पद्धति नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवनशैली है। इसमें स्थानीय संसाधनों का उपयोग, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना, पर्यावरण संरक्षण और खेती की लागत कम करना प्रमुख आधार हैं। विद्यार्थियों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर इसे किसानों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
संगोष्ठी में प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं, तकनीकी जानकारियों और व्यावहारिक अनुभवों पर विस्तार से चर्चा की गई। तकनीकी वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से प्राकृतिक खेती की उपयोगिता एवं संभावनाओं को समझाया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा।
विद्यार्थियों ने इसके अतिरिक्त रामलाल आश्रम, झाँसी का भी भ्रमण किया, जहाँ उन्हें प्राकृतिक जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने के महत्व को समझने का अवसर मिला।
उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान (आईआईएफएसआर), मेरठ के सहयोग से मॉडल फार्मों की स्थापना संबंधी परियोजना के तहत किसानों के साथ कार्य कर रहा है। इसके माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन, वैज्ञानिक मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक समय-समय पर किसानों के खेतों का भ्रमण कर उन्हें खेती की तकनीकों एवं उत्पादन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सुझाव भी देते हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा बीएससी (कृषि) स्तर पर प्राकृतिक खेती से संबंधित पाठ्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है, इससे विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके।
सत्यम प्राकृतिक कृषि फार्म पर विकसित ड्रैगन फ्रूट का यह मॉडल बुंदेलखंड में प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण और वैकल्पिक फल उत्पादन को प्रोत्साहित करने के साथ किसानों के लिए नई संभावनाओं का प्रेरणास्रोत बनेगा।
इस अवसर पर अपर आयुक्त आबकारी उमेश पांडे, निदेशक शोध डॉ. एसके चतुर्वेदी, निदेशक प्रसार डॉ. सुशील कुमार सिंह, निदेशक शिक्षा डॉ. अनिल कुमार, अधिष्ठाता कृषि डॉ. आरके सिंह, अधिष्ठाता मात्स्यिकी डॉ पीके पांडे, अधिष्ठाता पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान डॉ आरपी सिंह,कृषि विभागाध्यक्ष डॉ. योगेश्वर सिंह, पुष्प विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव शर्मा, मृदा वैज्ञानिक डॉ सुशील सिंह, श्री मती रितु जैन तथा ड्रैगन फ्रूट वैज्ञानिक डॉ. रंजीत पाल सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, वैज्ञानिक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संयोजन प्राकृतिक खेती विशेषज्ञ आचार्य योगर्षि अविनाश ने किया, जबकि संचालन डॉ. आर्तिका सिंह ने व सभी का आभार इंजिनियर रविकांत दुबे ने व्यक्त किया।
No Previous Comments found.