डी ए वी विद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया हिंदी दिवस

पाकुड़ : स्थानीय विद्यालय डी ए वी पब्लिक स्कूल पाकुड़ के प्रांगण में शनिवार को हिंदी दिवस बहुत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य बच्चों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि उत्पन्न करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ  प्राचार्य डॉ विश्वदीप चक्रवर्ती  एवं विशिष्ट अतिथि सह हिंदी के प्राध्यापक अमरेंद्र कुमार सिन्हा के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस उपलक्ष्य पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा भाषण, कविता, वाद विवाद एवं हिंदी संगोष्ठी का आयोजन किया गया।  प्राचार्य डॉ विश्वदीप चक्रवर्ती ने बताया कि भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में हिंदी के साथ 22 भाषाओं को शामिल किया गया है। नई शिक्षा नीति में हिंदी और संस्कृत भाषा पर विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी भाषा के साथ हिंदी का ज्ञान भी अत्यंत आवश्यक है। यह हमारी मातृभाषा एवं राजभाषा है। उनके अनुसार भारत के लिए हिंदी सिर्फ एक भाषा नहीं बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत और एकता का प्रतीक भी है। उन्होंने आगे बताया कि हिंदी भाषा कौशल को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर कार्यशाला एवं सेमिनार का आयोजन किया जाता है। विशिष्ट अतिथि के रूप में आए हुए पूर्व प्राध्यापक अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 14 सितंबर 1949 को हिंदी को औपचारिक भाषा का दर्जा दिया गया था। उसके बाद से ही भाषा के विस्तार और लोगों को इसका महत्व समझाने के लिए 14 सितंबर को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाने लगा है। इस विशेष अवसर पर बच्चों के बीच हिंदी प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया एवं विजेताओं को प्राचार्य तथा अतिथियों के द्वारा सम्मानित किया गया।

रिपोर्टर : पंकज भगत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.