नमो फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 का विष्णुगढ़ में भव्य शुभारंभ

विष्णुगढ़ : स्थानीय +2 उच्च विद्यालय विष्णुगढ़ के खेल मैदान में मंगलवार को सांसद खेल महोत्सव के तहत नमो फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 का भव्य उद्घाटन हुआ। टूर्नामेंट का शुभारंभ हजारीबाग के सांसद श्री मनीष जायसवाल ने फीता काटकर एवं फुटबॉल को किक मारकर किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा एवं आजसू पार्टी के कार्यकर्ता, समर्थक व स्थानीय लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि, “हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नमो फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने और उनमें अनुशासन व स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से किया गया है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक ऊर्जा भी पैदा करता है।” सांसद ने खेल के साथ-साथ नशा मुक्ति का भी संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि, “आज का युवा देश का भविष्य है। यदि वह नशे से दूर रहेगा और खेलों में भागीदारी करेगा, तो देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।” उन्होंने मैदान में मौजूद सभी लोगों से नशा मुक्ति की शपथ भी दिलवाई। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि “आज के बाद कभी भी किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे।” कार्यक्रम के दौरान पहले दिन कई टीमों के बीच मुकाबले खेले गए, जिनमें युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट पूरे सप्ताह चलेगा, जिसमें क्षेत्र की दर्जनों टीमें हिस्सा लेंगी।

 रिपोर्टर : संदीप मिश्रा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.