कलाकारों के भविष्य को लेकर गंभीर पहल कर रही सरकार : शिल्पी नेहा तिर्की

रांची : झारखंड राज्यस्तरीय कलाकारों के महाजुटान 2025 नामक कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को रांची के एसडीसी सभागार में हुआ। कार्यक्रम का आयोजन झारखंड कलाकार सोसाइटी की ओर से किया गया, जिसमें राज्य के सभी 24 जिलों और नौ भाषाओं के कलाकार शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत झारखंड की कला-संस्कृति में योगदान देने वाले दिवंगत कलाकारों को श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राज्य के कलाकारों ने झारखंड को गढ़ने का काम किया है। बदलते दौर में झारखंडी कलाकारों ने नृत्य, संगीत, कला और संस्कृति के माध्यम से न सिर्फ राज्य बल्कि देश-दुनिया में अमिट छाप छोड़ी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ललित कला अकादमी, संगीत नाटक अकादमी और साहित्य अकादमी की स्थापना कर यह साबित कर दिया है कि कलाकारों के भविष्य को लेकर गंभीर पहल की जा रही है। उन्होंने कलाकारों से अपनी प्रतिभा को उद्योग के रूप में देखने और बेहतर मार्केटिंग पर ध्यान देने की अपील की।
पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि कलाकारों के लिए नीति बनाना समय की मांग है। उन्होंने दिसंबर माह में मोरहाबादी मैदान में राज्यस्तरीय कलाकार महासमागम आयोजित करने की घोषणा की और बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इसमें आमंत्रित किया जाएगा।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राज्य में कलाकारों की मांगों को कोऑर्डिनेशन कमिटी में रखा जाएगा। वहीं मौके पर पद्मश्री मधु मंसूरी ने गीत के माध्यम से कलाकारों की पीड़ा व्यक्त की।
कार्यक्रम को गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन, पद्मश्री मधुर मंसूरी, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य एम तौसीफ, कांग्रेस प्रवक्ता किशोर नाथ सहदेव, निरंजन पासवान, कलाकार रमन गुप्ता, मनोज शहरी, मनोज चंचल, मोनिका मुंडू और मोनू राज ने भी संबोधित किया।
संवाददाता : नदीम दानिश
No Previous Comments found.