दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी-एसपी ने चौपारण में पंडालों का किया निरीक्षण

चौपारण : दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में सोमवार को हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन चौपारण प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने ब्लॉक मोड़ स्थित दुर्गा पूजा पंडाल सहित आसपास के विभिन्न पूजा स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान उनके साथ अनुमंडल पदाधिकारी जोहान टुड्डू, डीएसपी अजीत कुमार विमल, सीओ संजय यादव और थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी सहित कई वरीय प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पंडालों का भ्रमण किया और पूजा समितियों से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और अन्य तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की। पंडाल समिति की ओर से उपायुक्त, एसपी और अन्य अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर उपायुक्त ने समिति सदस्यों को पूजा के दौरान आपसी सहयोग और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। वहीं, एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि पूजा के समय पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, गश्ती दल को लगातार सक्रिय रखा गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों में दर्शन के लिए पहुंचेंगे, ऐसे में समिति को जल, विद्युत और स्वास्थ्य सुविधा जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं पर फोकस रखना चाहिए। डीएसपी अजीत कुमार विमल ने समिति सदस्यों से आग्रह किया कि अगर कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें। वहीं, सीओ संजय यादव ने कहा कि प्रशासन जनता के सहयोग से ही शांति और व्यवस्था कायम रख सकता है। पूरे भ्रमण के दौरान पंडालों में मौजूद श्रद्धालु भी प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर आश्वस्त नजर आए। लोगों ने कहा कि प्रशासन की सक्रियता से त्योहार निश्चिंत और सुरक्षित माहौल में संपन्न होगा। प्रशासनिक अधिकारियों के इस निरीक्षण से पंडाल समितियों में उत्साह देखा गया। सभी ने भरोसा जताया कि इस बार दुर्गा पूजा चौपारण प्रखंड में पूरी भव्यता, शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाई जाएगी।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.