चौपारण में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर गूँजा संकल्प, झारखंड स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई गई

चौपारण (हजारीबाग) : प्रखंड मुख्यालय परिसर सोमवार को उस समय जनजागरूकता और सांस्कृतिक भावना से सराबोर हो उठा, जब भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ का संयुक्त आयोजन गरिमामय ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद अधिकारियों, प्रतिनिधियों और आंदोलनकारियों ने धरती आबा बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी नितिन कुमार भास्कर, अंचलाधिकारी संजय यादव, थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी सहित प्रखंड के कई पदाधिकारी मंचासीन रहे। बीडीओ नितिन भास्कर ने अपने संबोधन में कहा कि “जल, जंगल और जमीन की लड़ाई में भगवान बिरसा मुंडा सदैव हमारे प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनके विचार आज भी सामाजिक न्याय और आत्मसम्मान की दिशा दिखाते हैं।”

इसके बाद कार्यक्रम में सम्मानित उपस्थिति दर्ज कराते हुए झारखंड आंदोलनकारी नंदकिशोर सिंह, रामफल सिंह, मुखिया प्रतिनिधि राजदेव यादव सहित कई स्थानीय आंदोलनकारियों ने झारखंड आंदोलन के संघर्ष, बलिदान और ऐतिहासिक पलों को याद किया।

अपने संक्षिप्त लेकिन प्रभावी संबोधन में आंदोलनकारी नंदकिशोर सिंह ने कहा—
“झारखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि हजारों आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और सपनों की पहचान है। हमें बिरसा मुंडा के बताए रास्ते पर चलते हुए जल, जंगल, जमीन और जनहित की रक्षा के लिए सदैव एकजुट रहना होगा। राज्य ने 25 वर्षों में कई उपलब्धियाँ हासिल की हैं, लेकिन गांव-गरीब, किसान और युवाओं के लिए अभी भी बहुत काम बाकी है।”

कार्यक्रम में जेएमएम नेता बीरेंद्र राणा, भाजपा नेता राजदेव यादव, सामाजिक कार्यकर्ता तथा प्रखंड के अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी ने संविधानिक अधिकार, सामाजिक समरसता और आदिवासी पहचान की सुरक्षा पर बल दिया।

समारोह के अंत में उपस्थित जनसमूह ने झारखंड की उन्नति, सामाजिक समृद्धि और बिरसा मुंडा के आदर्शों पर आगे बढ़ने की सामूहिक कामना की। कार्यक्रम के दौरान “जल-जंगल-जमीन” की रक्षा और जनहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प भी दोहराया गया।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.