परहेपाट पंचायत में नए पंचायत भवन का उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेगी एक छत के नीचे सुविधाएं
लोहरदगा : प्रखंड अंतर्गत परहेपाट पंचायत के नव-निर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन मंगलवार को मुखिया जतरु उरांव, उपमुखिया सुधीर कुमार, पंचायत समिति सदस्य बसंती उरांव सहित अन्य अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर किया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व परहेपाट पंचायत का संचालन विवाह मंडप में किया जा रहा था, जो जर्जर अवस्था में होने के कारण पंचायत कर्मियों और ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मुखिया जतरु उरांव के प्रयास से गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए नए पंचायत भवन का निर्माण कराया गया।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुखिया जतरु उरांव ने कहा कि पंचायत भवन के चालू हो जाने से अब ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। एक ही छत के नीचे कई सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध होगा, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि पंचायत भवन में पंचायत सचिवालय, प्रज्ञा केंद्र, आधार केंद्र सहित पंचायत कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को अपने छोटे-बड़े कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। इस अवसर पर सामूल अंसारी, अब्दुल्लाह अंसारी, अंजू देवी, रोबिन कुमार, राजकुमार मुंडा, जाबिर अंसारी, कुलेश्वर साहू, सचिन कुमार समेत जनप्रतिनिधि, वार्ड सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : नेहाल अहमद

No Previous Comments found.