चौपारण में नशे के खिलाफ निर्णायक प्रहार, 40 एकड़ अवैध अफीम की खेती नष्ट
हजारीबाग : हज़ारीबाग पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को चौपारण थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर दिनांक 16 जनवरी 2026 को चौपारण थाना अंतर्गत ग्राम सिलोदर में वन विभाग एवं चौपारण पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर लगभग 40 एकड़ में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को चिन्हित कर मौके पर ही पूरी तरह नष्ट कर दिया।
अभियान के दौरान खेतों से अफीम की फसल के साथ-साथ सिंचाई में प्रयुक्त तीन डिलीवरी पाइप भी बरामद किए गए, जिन्हें वहीं नष्ट कर दिया गया। पुलिस द्वारा अवैध खेती में संलिप्त लोगों की पहचान एवं नाम-पता का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होते ही उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।
इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अजित कुमार बिमल ने किया। अभियान में बरही अंचल के पु0नि0 श्री चंद्रशेखर, चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, एसआई सुबिन्दर राम, एसआई सरवन कुमार पासवान, एएसआई बदल महतो, सशस्त्र बल एवं वन विभाग के बनपाल सरवन कुमार शामिल थे।
थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “जब तक तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं।” उन्होंने कहा कि चौपारण को नशा मुक्त बनाना उनका संकल्प है। “चौपारण को नशा मुक्त बनाने के लिए जो भी करना पड़ेगा, किया जाएगा। जब तक नशे की जड़ें पूरी तरह नहीं टूटेंगी, तब तक कार्रवाई नहीं रुकेगी। नशा कारोबारियों को यह समझ लेना चाहिए कि किसी भी कीमत पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि चौपारण को स्वस्थ और सुंदर बनाना तथा युवाओं को नशे से बचाना उनका परम उद्देश्य और कर्तव्य है।
यह पूरी कार्रवाई हज़ारीबाग पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के स्पष्ट निर्देश एवं दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम मानी जा रही है। जिले की कमान संभालने के बाद से ही एसपी अंजनी अंजन ने नशा मुक्ति और अपराध मुक्त हज़ारीबाग को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया है। उनके निर्देशन में जिले भर में अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी एवं कारोबार के विरुद्ध निरंतर सघन अभियान चलाए जा रहे हैं।
एसपी अंजनी अंजन की सख्त कार्यशैली, सतत मॉनिटरिंग और जमीनी स्तर पर पुलिस-प्रशासन की सक्रियता का ही परिणाम है कि चौपारण जैसे संवेदनशील इलाकों में अफीम की खेती पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सका है। न केवल विनिष्टीकरण अभियान चलाए जा रहे हैं, बल्कि किसानों को जागरूक कर वैकल्पिक खेती की ओर भी प्रेरित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में स्थायी रूप से नशे की समस्या पर नियंत्रण संभव हो सके।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व चौपारण थाना क्षेत्र में अफीम की खेती रोकने को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया था। इसी का सकारात्मक परिणाम है कि ग्राम अहरी सहित कई क्षेत्रों में अब अफीम के स्थान पर सरसों एवं मूंगफली जैसी वैकल्पिक खेती की जा रही है। हज़ारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी अफीम की खेती के विरुद्ध अभियान पूरी सख्ती के साथ लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.