राजकीय उत्क्रमित विद्यालय नागी में छात्रवृत्ति व विकास राशि में गड़बड़ी का आरोप

बिष्णुगढ़ : विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत नागी पंचायत स्थित राजकीय उत्क्रमित विद्यालय नागी में छात्रवृत्ति वितरण एवं विद्यालय विकास राशि को लेकर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। विद्यालय अध्यक्ष सहदेव कुमार महतो ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक सह सचिव पर सरकारी राशि की गलत तरीके से निकासी करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने बताया कि कई छात्र-छात्राओं का नामांकन एक साथ सरकारी और निजी विद्यालयों में कराया गया है, जिसके कारण वे सरकार द्वारा दी जाने वाली छात्रवृत्ति का अनुचित लाभ उठा रहे हैं। वहीं, जो छात्र-छात्राएं नियमित रूप से सरकारी विद्यालय में अध्ययनरत हैं, उन्हें अब तक छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिल पाई है।
विद्यालय के विद्यार्थियों से बातचीत करने पर उन्होंने भी बताया कि उन्हें अभी तक छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिला है। दूसरी ओर, प्रधानाध्यापक का कहना है कि नामांकन के अनुरूप केवल लगभग 50 प्रतिशत छात्र ही नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहते हैं।
मामले की सूचना मिलने पर विधायक प्रतिनिधि (शिक्षा विभाग) महादेव देहाती ने विद्यालय का निरीक्षण किया और शिक्षकों से बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जांच के दौरान जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चे बेहतर भविष्य की आशा लेकर पढ़ने आते हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं के अधिकारों और भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

रिपोर्टर : संदीप मिश्रा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.