दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा: एक की मौत, चार घायल

हजारीबाग : प्रखंड की दनुआ घाटी बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे की गवाह बनी, जहां एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार गया से सिजुआ (धनबाद) लौट रही एक अल्टो कार घाटी के खतरनाक मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रेलर से जोरदार टक्कर मार बैठी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन ट्रेलर में बुरी तरह फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए चौपारण थाना को सूचित किया।

सूचना पाकर थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की कमान संभाली। दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई। काफी मशक्कत के बाद कार को ट्रेलर से अलग कर घायलों को बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने स्वयं मौके पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए घायलों को वाहन से निकलवाया और एंबुलेंस तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी घायलों को एनएचआई एवं आपदा मित्र एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने अजीत कुमार (सिजुआ, धनबाद) को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों में संदीप कुमार (34 वर्ष), कारू साव (50 वर्ष), प्रियांशी कुमारी तथा ब्यूटी देवी (30 वर्ष) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाटी के तीखे मोड़ और तेज रफ्तार इस हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। दनुआ घाटी पूर्व से ही दुर्घटना-प्रवण क्षेत्र के रूप में कुख्यात रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय और सतर्कता बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.