रसोइयों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से विद्यालय व्यवस्था प्रभावित, शिक्षकों ने संभाली मध्याह्न भोजन की जिम्मेदारी

हजारीबाग : प्रखंड क्षेत्र के सभी सरकारी विद्यालयों में रसोइयों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से विद्यालयों की संचालन व्यवस्था प्रभावित हो गई है। रसोइयों की अनुपस्थिति के कारण विद्यालय प्रभारियों और शिक्षकों की परेशानी काफी बढ़ गई है। इसके बावजूद बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए मध्याह्न भोजन योजना को किसी भी सूरत में बंद नहीं होने दिया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, रसोइयों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल शुरू किए जाने के बाद कई विद्यालयों में भोजन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। ऐसे में विभागीय निर्देशानुसार और बीईईओ राकेश कुमार सिंह के आदेश पर विद्यार्थियों के पोषण और विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति बनाए रखने के उद्देश्य से शिक्षकों ने स्वयं भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी संभाल ली है।

प्रखंड के एक विद्यालय प्रभारी ने बताया कि मध्याह्न भोजन बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। रसोइयों की हड़ताल से परेशानी जरूर बढ़ी है, लेकिन बच्चों को भोजन से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। हालांकि शिक्षकों को पढ़ाई के साथ भोजन बनाने की अतिरिक्त जिम्मेदारी निभानी पड़ रही है, जिससे शैक्षणिक कार्य भी प्रभावित हो रहा है। शिक्षकों ने कहा कि बच्चों के भविष्य और स्वास्थ्य को देखते हुए वे यह अतिरिक्त दायित्व निभा रहे हैं, लेकिन लंबे समय तक इस व्यवस्था को बनाए रखना कठिन होगा। इधर अभिभावकों ने भी शिक्षकों के प्रयास की सराहना करते हुए सरकार और संबंधित विभाग से रसोइयों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है, ताकि विद्यालयों में शिक्षा और भोजन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

रिपोर्टर : अमित सिंह
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.