रामनवमी में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, चोगा-ताशा से ही निकलेगा जुलूस

हजारीबाग : माननीय झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश के आलोक में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग द्वारा आगामी रामनवमी पर्व को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार इस वर्ष रामनवमी के अवसर पर किसी भी परिस्थिति में किसी भी अखाड़े द्वारा डीजे का प्रयोग नहीं किया जाएगा। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बरही एवं थाना प्रभारी, बरही द्वारा क्षेत्र के सभी अखाड़ा समितियों से अपील की गई है कि वे प्रशासनिक निर्देशों का पूर्ण पालन करें और रामनवमी के जुलूस में डीजे का प्रयोग बिल्कुल न करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित अखाड़ा समिति के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं पारंपरिक ढंग से संपन्न कराने के लिए डीजे के स्थान पर चोगा एवं ताशा पार्टी के माध्यम से ही जुलूस निकालने का आग्रह किया गया है। प्रशासन ने सभी अखाड़ा संचालकों एवं श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि परंपरा, अनुशासन और आपसी भाईचारे को बनाए रखते हुए रामनवमी पर्व को सफल बनाएं।

रिपोर्टर : अमित सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.