जोबांग थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, होली शांतिपूर्वक मनाने का लिया गया संकल्प
लोहरदगा : जोबांग थाना परिसर में आगामी होली पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जोबांग थाना प्रभारी विष्णु रजक ने की। इस अवसर पर सभी समुदायों के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि एवं बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि होली का त्योहार शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। थाना प्रभारी विष्णु रजक ने कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समन्वय का प्रतीक पर्व है। इसे आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक या भ्रामक संदेश साझा न करें, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि यदि किसी को किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।बैठक में उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को सहयोग करने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया। अंत में सभी ने मिलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : नेहाल अहमद

No Previous Comments found.